_कलेक्टर की मौजूदगी में सामान्य परिषद की बैठक कराने की मांग, विद्यार्थियों की सुविधाओं और समिति के आय-व्यय पर चर्चा की मांग_
सी टाइम्स सिवनी- शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सिवनी में जनभागीदारी समिति की सामान्य परिषद की बैठक आयोजित कराने की मांग को लेकर दीपक जय हिंद टीम सिवनी ने आवाज बुलंद की है। टीम ने जिला कलेक्टर के समक्ष लिखित मांग प्रस्तुत करते हुए कलेक्टर की मौजूदगी में जनभागीदारी समिति की सामान्य परिषद की बैठक शीघ्र आयोजित कराने की मांग की है।
टीम का कहना है कि जनभागीदारी समिति की सामान्य परिषद की बैठक महाविद्यालय के विकास, विद्यार्थियों की सुविधाओं और विभिन्न आवश्यक कार्यों पर चर्चा एवं निर्णय के लिए महत्वपूर्ण है। मांग-पत्र में समिति की आय-व्यय, उपलब्ध राशि के उपयोग, महाविद्यालय में कराए गए विकास कार्यों तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा कराने की मांग की गई है।
इसके साथ ही टीम ने जनभागीदारी समिति की पूर्व बैठकों में लिए गए निर्णयों की जानकारी प्रस्तुत करने तथा लंबित निर्णयों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग भी रखी है।
दीपक जय हिंद टीम सिवनी के फाउंडर दीपक देहरिया ने कहा कि टीम का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध आरोप लगाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के हित, महाविद्यालय के विकास तथा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक मुद्दों को उचित मंच पर उठाना है।
टीम ने कलेक्टर से मांग की है कि विद्यार्थियों की समस्याओं, महाविद्यालय की मूलभूत सुविधाओं, आवश्यक मरम्मत एवं विकास कार्यों सहित जनभागीदारी समिति की आर्थिक गतिविधियों पर चर्चा के लिए सामान्य परिषद की बैठक शीघ्र आयोजित कराने के आवश्यक निर्देश दिए जाएं।
अब देखना होगा कि टीम की इस मांग पर जिला प्रशासन एवं महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से क्या कदम उठाया जाता है।


