सौंपा ज्ञापन, दी आंदोलन की चेतावनी
जबलपुर। शहर की मदिरा दुकानों में शासकीय नियमों की धज्जियां उड़ाए जाने और अवैध अहातों के संचालन को लेकर जबलपुर शहर युवा कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। आबकारी विभाग की बैठकों में दिए गए निर्देशों का जमीनी स्तर पर पालन न होने का आरोप लगाते हुए युवा कांग्रेस के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रेट लिस्ट गायब, मनमाने दाम पर बिक्री
युवा कांग्रेस अध्यक्ष सतेंद्र सोनू कुकरेले एवं पूर्व प्रदेश सचिव भानु यादव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि आबकारी विभाग की समीक्षा बैठकों में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि प्रत्येक मदिरा दुकान पर अनिवार्य रूप से रेट लिस्ट और क्यूआर कोड प्रदर्शित किए जाएं। इसके बावजूद अधिकांश दुकानों से रेट लिस्ट और क्यूआर कोड गायब हैं और मदिरा प्रेमियों से निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूली जा रही है।
ज्ञापन में शहर की कई दुकानों का जिक्र करते हुए धार्मिक स्थलों और शैक्षणिक संस्थानों से निर्धारित दूरी के नियमों के उल्लंघन का मुद्दा उठाया गया। चंडालभाटा मदिरा दुकान मंदिर से महज 50 मीटर की दूरी पर संचालित हो रही है, जिससे श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं। बल्देवबाग चौराहा पर स्थित शराब दुकान ‘स्मॉल वंडर स्कूल’ के बेहद करीब है, जिससे रोजाना स्कूली बच्चों और अभिभावकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में दमोह नाका चौराहे का विशेष उल्लेख करते हुए बताया गया कि मदिरा दुकान के ठीक बाजू में कथित रूप से अवैध अहाता संचालित कराया जा रहा है। यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। हाल ही में इस क्षेत्र में चाकूबाजी की वारदात भी सामने आई है, जिससे कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसके अलावा शहर की अन्य शराब दुकानों के आसपास भी अवैध रूप से अहाते चलाए जा रहे हैं, जिससे महिलाओं और बच्चों का राह निकलना दूभर हो गया है।
भौतिक सत्यापन और कार्रवाई की मांग, आंदोलन की चेतावनी
युवा कांग्रेस ने कलेक्टर से मांग की है कि जिले की सभी शराब दुकानों का भौतिक निरीक्षण कर दूरी का सत्यापन कराया जाए। साथ ही दीनदयाल चौक,दमोह नाका, चंडालभाटा और बल्देवबाग की दुकानों की विशेष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए और कार्रवाई का विवरण सार्वजनिक किया जाए।
युवा नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि समय-सीमा के भीतर इन जनहित के मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो युवा कांग्रेस लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस अवसर पर युवा कांग्रेस के नगर अध्यक्ष सोनू कुकरेले,पूर्व प्रदेश सचिव भानु यादव, मोंटी वंशकार, अभ्युत बाजपेयी, सागर शुक्ला, नितिन सिंह, नीलेश जैन, सौरभ यादव, सुमित यादव, गौरव सिंह राजपूत, अदनान अंसारी, शुभम अग्रवाल, शिवम् यादव, पलाश यादव, प्रियंका केशरवानी, पल्लव उपाध्याय, वरुण यादव, अभिषेक तिवारी, देवेंद्र शर्मा, मोनू जायसवाल, पारस वंशकार, नयन गुप्ता आदि उपस्थित रहे।


