सात दिनों के भीतर ऑनलाइन दर्ज कराई जा सकेंगी दावे-आपत्तियां
जबलपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग ने आंगनवाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों की अनंतिम चयन सूची जारी कर दी है। एकीकृत बाल विकास परियोजना शहरी क्रमांक-3, शहरी क्रमांक-4 और मझौली परियोजना के अंतर्गत रिक्त पदों की पूर्ति के लिए यह सूची जारी की गई है।
जानकारी के अनुसार, एकीकृत बाल विकास परियोजना शहरी क्रमांक-3 में आंगनवाड़ी सहायिका के 4 पद, शहरी क्रमांक-4 में 3 पद तथा एकीकृत बाल विकास परियोजना मझौली में 2 रिक्त पदों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई थी। इस प्रकार कुल 9 रिक्त पदों के लिए अभ्यर्थियों की अनंतिम चयन सूची जारी की गई है।
सात दिन में दर्ज करें दावे-आपत्ति
विभाग के अनुसार अनंतिम चयन सूची का अवलोकन एमपी ऑनलाइन चयन पोर्टल पर किया जा सकता है। सूची में चयनित अभ्यर्थियों के संबंध में यदि किसी आवेदिका को कोई आपत्ति या दावा है, तो वह सूची जारी होने की तारीख से सात दिवस के भीतर चयन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज करा सकती है।
दावे-आपत्ति दर्ज कराने का अधिकार केवल उन महिला अभ्यर्थियों को होगा, जिन्होंने संबंधित रिक्त पदों की पूर्ति के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन किया था। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दावे-आपत्तियां केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार की जाएंगी। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद प्राप्त दावे-आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।


