शुभारंभ मैच में भरवेली ने उकवा को किया पराजित, २० टीमें ले रही हिस्साबालाघाट जिला फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में प्रेसिडेंट कप जिला स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट २०२६ का शुभारंभ ८ सितंबर मंगलवार को स्थानीय रेंजर कॉलेज मैदान में पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा के मुख्य अतिथि में किया गया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से पूर्व नपाध्यक्ष रमेश रंगलानी, नेहरू स्र्पोटिंग क्लब अध्यक्ष किरण भाई त्रिवेदी, उद्योगपति जितेन्द्र कोचर, जिला खेल अधिकारी राहुल बारेसा, सुभाष गुप्ता, सेवानिवृत क्रीडा अधिकारी जसविंदरसिंह सौंधी, एनआरआई कनाडा लखविंदर सिंह, फुटबाल संघ जिला उपाध्यक्ष जेम्स बारिक, दीपक जैन, राजेश सेवईवार, डॉ. अक्षय कटरे सहित अन्य उपस्थित रहे। टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा रिबन काटकर किया। शुभारंभ मैच भरवेली इलेवन व उकवा इलेवन के बीच खेला गया। जिसमें शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए भरवेली ४-३ गोल से विजयी हुई। मैच काफी रोमांचक रहा।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने कहा कि बालाघाट जिले को नक्सलवाद के नाम से जाना जाता था। लेकिन अब जिला नक्सल से मुक्त हो गया है। जिले को खेलों के नाम से जाना जाता है। जिले के खिलाडिय़ों द्वारा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर खेल का प्रदर्शन कर राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह उकवा में दुर्गा उत्सव के अवसर पर राष्ट्रीय स्तर की फुटबाल प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। इसी तरह जिला मुख्यालय में भी नेशनल फुटबाल टूर्नामेंट कराया जाए इसमें जो भी सहयोग होगा किया जाएगा। इससे जिले के खिलाडिय़ों को खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि बालाघाट में फुटबॉल के प्रति जो जुनून है वो काबिले तारीफ है, पुलिस प्रशासन ऐसे आयोजनों को हमेशा सहयोग देगा।
इस दौरान टूर्नामेट कमेटी टूर्नामेंट अध्यक्ष रमेश रंगलानी ने कहा कि टूर्नामेट का मुख्य उद्देश्य जिले के ग्रामीण अंचलों में छिपी हुई फुटबॉल प्रतिभाओं को एक बड़ा व प्रोफेशनल मंच प्रदान करना है। जिससे वे अपनी प्रतिभा को जिला ही नहीं बल्कि राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी दिखा सकें। इस टूर्नामेंट में जिले की कुल २० टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट का फाइनल १३ सितम्बर को किया जाएगा।
इस अवसर पर सफल मंच संचालन जिला फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष जेम्स बारीक ने किया। टूर्नामेट में खेल प्रेमी दर्शकों से अधिकाधिक उपस्थिति की अपील टूर्नामेट कॉर्डिनेटर गणेश अग्रवाल, सुनील यादव, दिलीप राजपूत, पूनम खोब्रागढ़े, रूपेंद्र गायकवाड़, अमन गौतम, आशीष नाग, युवराज यादव सहित अन्य ने की है।
———————–


