जबलपुर। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को पाटन क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों और नगर परिषद कटंगी में अभियान दलों ने भ्रमण कर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों और नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा कई शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कराया।
अनुविभागीय राजस्व अधिकारी पाटन मानवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में अभियान दल ने ग्राम पंचायत कांकरखेड़ा में स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र और पंचायत भवन का निरीक्षण किया। पंचायत भवन में ग्रामीणों से चर्चा के दौरान प्राप्त शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समयसीमा में आवेदकों की संतुष्टि के साथ निराकरण सुनिश्चित करने की हिदायत भी दी।
ग्राम पंचायत पौड़ी (छपरी) के ग्राम अचलोनी में भ्रमण के दौरान मार्ग के किनारे झाड़ियों की छंटाई कराने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों की पोनिया मार्ग निर्माण की मांग पर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। मुक्तिधाम में शेड निर्माण और हैंडपंप के फाउंडेशन का कार्य कराने को भी कहा गया। वहीं ग्राम पोनिया में क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को दो दिन के भीतर दुरुस्त करने की हिदायत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को दी गई।
अभियान दल ने रमखिरिया में हाईस्कूल का निरीक्षण कर शिक्षा के स्तर में गुणात्मक सुधार पर जोर दिया। इसके बाद नगर परिषद कटंगी में जनसंवाद कार्यक्रम हुआ, जिसमें नागरिकों को शासन की जनहितैषी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा क्षेत्र भ्रमण के दौरान प्राप्त शिकायतों के निराकरण की स्थिति से अवगत कराया गया।


