25.4 C
Jabalpur
September 20, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

मुख्यमंत्री स्कूटी वितरण योजना का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित

जिले के 151 मेधावी विद्यार्थियों को मिली स्कूटी
जबलपुर। मुख्यमंत्री स्कूटी वितरण योजना के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन आज पं. लज्जा शंकर झा शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में किया गया। कार्यक्रम में जिले के 151 मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान की गई। इस अवसर पर भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उद्बोधन भी सुना।

सांसद आशीष दुबे ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्कूटी वितरण योजना केवल स्कूटी प्रदान करने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि कई विद्यार्थियों में योग्यता और क्षमता होती है, लेकिन संसाधनों के अभाव में वे पीछे रह जाते हैं। सरकार ऐसे विद्यार्थियों को अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

सांसद श्री दुबे ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। देश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाने के लिए युवाओं को आगे बढ़ाना आवश्यक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की युवा शक्ति की क्षमता को पहचानने का कार्य किया है। उनके नेतृत्व में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार भी विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है।

उन्होंने स्कूटी प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि जिन विद्यार्थियों को इस बार स्कूटी नहीं मिल सकी है, वे और अधिक मेहनत करें, ताकि अगली बार उन्हें भी यह अवसर मिल सके। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ें।
सांसद श्री दुबे ने महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू द्वारा विद्यार्थियों को नगर निगम की ओर से हवाई यात्रा कराने की पहल की सराहना की। उन्होंने बताया कि महापौर द्वारा आगामी अक्टूबर माह में विद्यार्थियों को हवाई यात्रा के माध्यम से इंदौर ले जाने की योजना है। सांसद ने महापौर से अनुरोध किया कि इस यात्रा में मॉडल स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को भी शामिल किया जाए।

सांसद श्री दुबे के अनुरोध पर महापौर श्री सिंह ने दो और विद्यार्थियों को इस यात्रा में शामिल करने की सहमति दी। इसके बाद सांसद श्री दुबे ने महापौर के प्रति आभार व्यक्त किया।

महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह स्कूटी विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और प्रतिभा का सम्मान है। विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत से यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से भी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं।

महापौर श्री सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने सपनों को बड़ा रखें और मेहनत के बल पर उन्हें साकार करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि आज मिलने वाली स्कूटी विद्यार्थियों के लिए केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि उच्च शिक्षा और अपने भविष्य के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का माध्यम भी है।

विधायक अशोक रोहाणी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री स्कूटी वितरण योजना विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और उनकी शिक्षा में सहयोग देने वाली महत्वपूर्ण पहल है। विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए पूरी लगन से प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी राह आसान बनाना है। विद्यार्थियों को इन अवसरों का लाभ उठाते हुए अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने स्कूटी प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में विधायक अशोक रोहाणी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोंटिया, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विवेक पटेल, माध्यमिक शिक्षा मंडल के उपाध्यक्ष श्रीनिवास राव, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, सोनू बचवानी, संयुक्त संचालक शिक्षा घनश्याम सोनी, जिला शिक्षा अधिकारी गौतम बर्वे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

अन्य ख़बरें

शनिवार की राजस्व बैठक में नहीं पहुंचे तहसीलदार-नायब तहसीलदार

Newsdesk

ढाबों पर पुलिस की दबिश, 4 आरोपी गिरफ्तार; 18 लीटर अवैध शराब जब्त

Newsdesk

पुल नहीं तो वोट नहीं: ग्रामीणों का ऐलान

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading