दो पक्षों के विवाद के दौरान हुआ हमला, एक अन्य युवक घायल
जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र के बाबा टोला इलाके में रविवार दोपहर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान हुई चाकूबाजी में 22-23 वर्षीय सूरज चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना में भूरा चौधरी भी घायल हुआ है, जिसका मेडिकल अस्पताल में उपचार चल रहा है।
दिनदहाड़े हुई चाकूबाजी की वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही हनुमानताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दो परिवारों के बीच विवाद की बात सामने आई है। इसी विवाद के दौरान दोनों पक्षों में मारपीट और चाकूबाजी हुई। हमले में सूरज चौधरी गंभीर रूप से घायल हुआ, जबकि भूरा चौधरी को भी चोटें आईं।
पुलिस के मुताबिक, विवाद की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। घटना के बाद बाबा टोला क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है।


