माथे पर चोट के निशान, पहचान में जुटी पुलिस
जबलपुर। खितौला थाना क्षेत्र में सोमवार को खितौला तिराहे के पास नाले में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और इसकी जानकारी खितौला पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। मृतक की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। युवक ने पीले रंग की शर्ट पहन रखी थी। उसके माथे पर चोट के निशान भी मिले हैं।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक नाले में कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को मर्चुरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


