सी टाईम्स न्यूज बालाघाट
*आज रविवार को आजाद अध्यापक शिक्षक संघ जिला बालाघाट द्वारा एक दिवसीय उपवास एवं शिक्षक अधिकार सम्मान रैली का आयोजन किया गया।*
आजाद अध्यापक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष आशीष बिसेन एवं जिला सचिव एमन्त ठाकरे द्वारा संयुक्त विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि अध्यापक शिक्षक के अधिकार एवं सम्मान के साथ मध्य प्रदेश सरकार द्वारा ज्यादाति की जा रही है। इस संबंध में आगे बताया गया कि आज पूरे मध्यप्रदेश के समस्त जिलों में एक दिवसीय उपवास धरना एवं रैली निकालकर माननीय मुख्यमंत्री महोदय मध्यप्रदेश शासन भोपाल के नाम ज्ञापन सौपा जा रहा है। इसी कड़ी में बालाघाट जिले में भी आजाद अध्यापक शिक्षक संघ द्वारा अध्यापक शिक्षक संवर्ग की निम्नांकित लंबित एवं न्यायोचित मांगों को लेकर माननीय जिला कलेक्टर महोदय जिला बालाघाट को हजारों शिक्षक शिक्षिकाओं की उपस्थिति में ज्ञापन सौपा गया।
मांगे :-
(01) वर्तमान में सेवारत शिक्षकों को (टीईटी) शिक्षक पात्रता परीक्षा से मुक्त रखा जावे।
(2) पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू की जाये।
(3) अध्यापक शिक्षक संवर्ग को उनकी प्रथम नियुक्ति दिनांक से सेवा अवधि की गणना करते हुए पेंशन, ग्रेच्युटी और अवकाशों के नगदी करण का लाभ प्रदान किया जाये।
(4) अव्यवहारिक ई अटेंडेंस बंद की जाय।
(5) हड़ताल अवधि (सितंबर 2022) का वेतन भुगतान किया जाय।
(6) लंबित क्रमोन्नति, समयमान वेतनमान के आदेश जारी किए जाय।
(7) जबलपुर संभाग के पदोन्नति प्राप्त उच्च माध्यमिक शिक्षकों के द्वितीय क्रमोन्नति के आदेश जारी करवाया जाए।
उक्त कार्यक्रम जिला अध्यक्ष आशीष बिसेन के नेतृत्व में संपन्न हुआ एवं इस कार्यक्रम में प्रांतीय महासचिव अरविन्द पारधी, प्रांतीय सचिव कमलनाथ पाराशर, प्रांतीय उपाध्यक्ष कुलदीप कटरे जिला पदाधिकारी एवं समस्त ब्लॉकों के संगठन के पदाधिकारी साथ ही हजारों अध्यापक शिक्षक संवर्ग की शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रही। एवं संघ के पदाधिकारियो द्वारा हजारों की संख्या मे उपस्थित विशाल शिक्षक समुदाय का आभार व्यक्त किया गया। एवं अगले सप्ताह 27 सितंबर से भोपाल में शिक्षक संयुक्त मोर्चा द्वारा आयोजित आमरण अनशन कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की गई।


