शुभारंभ मैच में बालाघाट ने भंडारा को ६-१ गोल से एकतरफा हरायासी टाइम्स न्यूज़ बालाघाट
बालाघाट. स्थानीय शहीद चंद्रशेखर एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान में हॉकी बालाघाट व खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हीरालाल नागोसे व मेशराम शरणागत की स्मृति में २० सितम्बर रविवार को तक हॉकी टूर्नामेंट का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस दौरान प्रमुख रूप से नेहरू स्र्पोटिंग क्लब अध्यक्ष किरण भाई त्रिवेदी, जिला खेल अधिकारी राहुल बारेसा, हॉकी म.प्र उपाध्यक्ष विजय वर्मा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश रंगलानी सहित अन्य उपस्थित रहे। टूर्नामेंट का शुभारंभ मैच बालाघाट व भंडारा के बीच खेला गया। इसमें बालाघाट के खिलाडिय़ों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एकतरफा ६-१ गोल से जीत दर्ज की। मैच में एम्पायर सादाब खान भोपाल, राजेश सेवईवार बालाघाट रहे। वहीं दूसरा मैच नरसिंहपुर व रायसेन के बीच हुआ। इसमें नरसिंहपुर ७-४ गोल से विजयी हुई। मैच में एम्पायर फलेश व भावेश बैतूल रहे। मैच प्रारंभ होते ही तेज बारिश प्रारंभ हो गई व खेल बारिश में ही चलता रहा। दोनों ही टीम के खिलाडिय़ों ने बारिश का आनंद लेते हुए शानदार खेल का प्रदर्शन किया। आज का तीसरा मैच गोंदिया बनाम बालाघाट बी के बीच खेला गया। इसमें गोंदिया ३-० गोल से विजयी हुई।
खिलाडिय़ों को आगे बढ़ाने के लिए खेल संगठन के पदाधिकारियों द्वारा भी काफी प्रयास किया जाता है। इससे खिलाड़ी जिले का नाम स्टेट व नेशनल प्रतियोगिता में सहभागिता कर बेहतर खेल का प्रदर्शन कर रोशन कर रहे है। इस टूर्नामेंट का समापन २३ सितम्बर को कलेक्टर के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने कहा कि जिले में विभिन्न खेल प्रतियोगिता का बहुत ही शानदार आयोजन किया जाता है। जिले में जो भी खेल आयोजन होता है, वह बालाघाट की संस्कृति को बताता है कि हम बड़े शहर से आते है तो हमें ऐसा लगता है कि भोपाल, इंदौर में ऐसा होता है। अब हम बताएंगे कि बालाघाट में उससे भी बेहतर होता है। खेल समितियों के द्वारा खिलाडिय़ों को आगे बढ़ाने प्रयास किया जाता है। पहले बालाघाट जिले को नक्सली के नाम से जाना जाता था। उन्होंने कहा कि नेहरू स्र्पोटिंग क्लब के दो बच्चे एक स्टील ऑफ अथारिटी में चला गया व एक खिलाड़ी साउथ इस्टन रेल्वे
में भर्ती हो गया। इस क्लब के अध्यक्ष त्रिवेदी जी निस्वार्थ भाव से खेल गतिविधियों व खिलाडिय़ों को आगे बढ़ाने लगातार लगे रहते है। वहीं यहां की खेल आयोजन समिति भी खेल संस्कृति को आगे बढ़ाने का कार्य समय-समय पर फुटबाल, वॉलीवाल, कराते सहित अन्य प्रतियोगिता कराते रहती है।
इस अवसर पर हॉकी बालाघाट के अध्यक्ष किरण भाई त्रिवेदी ने कहा कि हीरालाल नागोसे व मेशराम शरणागत की स्मृति में हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है। इसमें बालाघाट, सिवनी, गोंदिया, भोपाल, रायसेन सहित करीब १२ टीमें शामिल हुई है। टूर्नामेंट का समापन २३ सितम्बर को किया जाएगा। टूर्नामेंट के आयोजन के लिए जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन का हमेशा सहयोग मिलता है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रहता है कि जिले के खिलाड़ी काफी आगे बढ़े व अपना एवं जिले का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि हमारे क्लब के खिलाड़ी सत्यम बर्डे का साउथ इस्टन रेल्वे में चयन हुआ वहीं एक १५ वर्षीय खिलाड़ी को सेल में लिया गया है। वीशु मतेल ने भी हॉकी में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि खेल विभाग द्वारा भी खेल प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर पूरा सहयोग करता है।
टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर आभार प्रदर्शन हॉकी म.प्र उपाध्यक्ष विजय वर्मा ने किया। वहीं सफल मंच संचालन सुशील वर्मा द्वारा किया गया। इस दौरान पी.जी कॉलेज के क्रीडा अधिकारी अनिल झरबड़े, संदीप नेमा, कमलजीत छाबड़ा, सुभाष गुप्ता, अशोक मोदी, राजकुमार शांडिल्य, विनोद साव, रमेश इंगले, रमेश उके, सुधांशु तिवारी, गोपाल धुर्वे, चीनू गंगवानी, फिरोज खान, ब्रजेश मिश्रा, सत्यम वर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।
सोमवार को होंगे तीन मैच
आयोजन समिति के पदाधिकारी ने बताया कि टूर्नामेंट के दूसरे दिन २१ सितम्बर सोमवार को तीन मैच खेला जाएगा। इसमें पहला मैच दोपहर १२.३० बजे से भोपाल व बैतूल के बीच होगा। दूसरा मैच १.३० बजे से उमरिया व सिवनी के मध्य एवं तीसरा मैच २.३० बजे से जबलपुर व नागपुर के बीच खेला जाएगा। इस अवसर पर आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने खेल प्रेमी दर्शकों से अधिकाधिक उपस्थिति का आव्हान किया है।


