बंडोल- अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बंडोल पुलिस ने 19 सितंबर को थाना क्षेत्र के विभिन्न ढाबों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान चार अलग-अलग ढाबों पर अवैध रूप से कच्ची एवं देशी शराब बेचते पाए जाने पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान कुल 18 लीटर अवैध कच्ची एवं देशी शराब, जिसकी कीमत करीब 2,980 रुपये है, जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों में चंद्रकुमार मर्सकोले, जगन्नाथ प्रजापति, सुनील अहिरवार और गनाराम यादव, सभी थाना बंडोल क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी सिवनी चंचलेश मरकाम के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक मनोज जंघेला, सउनि शिवेन्द्र वसूले, प्रधान आरक्षक जयेन्द्र बघेल, आरक्षक अंकित चौरसिया एवं महिला आरक्षक रूकमणी डेहरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


