चांदी के गणेश विग्रह के दर्शन और मन्नत के लिए रात 2 बजे तक खुले रहेंगे कपाटजबलपुर। ग्वारीघाट स्थित ललपुर रोड के प्रसिद्ध रजत गणेश मंदिर में इन दिनों श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। मंदिर में स्थापित करीब 40 किलो वजनी चांदी के गणेश विग्रह के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, पिछले तीन-चार दिनों से भक्तों की संख्या में विशेष रूप से वृद्धि हुई है।
मंदिर में भगवान श्री गणेश का भगवा वस्त्रों से विशेष श्रृंगार किया गया। आकर्षक श्रृंगार के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने दर्शन और पूजा-अर्चना की। बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर के महंत प्रमोद महाराज ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रात्रि दो बजे तक मंदिर के कपाट खुले रखे जाएंगे, ताकि भक्त दर्शन करने के साथ अपनी मनोकामना के लिए मन्नत मांग सकें।
मंदिर के संयोजक डॉ. रवि राय ने कहा कि मत्स्य पुराण सहित धार्मिक मान्यताओं में चांदी के विग्रह के संबंध में विशेष महत्व बताया गया है। उन्होंने कहा कि मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बढ़ रही है और बड़ी संख्या में भक्त अपनी मनोकामनाओं के साथ यहां पहुंच रहे हैं।
कार्यक्रम का संचालन राजेश चौहान ने किया। इस अवसर पर महेश दिवाकर, लक्ष्मी तिवारी, रूपनारायण शर्मा, खुशीराम खटवानी, पूनम ठाकुर और श्रीमती आशा खोसला सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर में विशाल महाभंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, आगामी दिनों में भी श्रद्धालुओं की सुविधा और दर्शन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं जारी रहेंगी।


