,
28 सितंबर को भव्य क्षमावाणी महोत्सव
अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित दिगंबर जैन सर्वोदय तीर्थ क्षेत्र में श्री पर्वराज दशलक्षण पर्यूषण पर्व श्रद्धा , भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है । 16 सितंबर से प्रारंभ हुए इस दस दिवसीय पर्व में प्रतिदिन भगवान आदिनाथ की विशेष पूजा-अर्चना , अभिषेक , शांतिधारा एवं धार्मिक विधान संपन्न किए जा रहे हैं ।
जैन समाज के महिला-पुरुष एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में धार्मिक आयोजनों में सहभागिता कर रहे हैं ।
पर्व के दौरान उत्तम क्षमा , मार्दव , आर्जव , सत्य , शौच , संयम , तप , त्याग , आकिंचन्य एवं ब्रह्मचर्य जैसे दस धर्म लक्षणों की आराधना की जा रही है । यह पर्व आत्मशुद्धि , संयम , त्याग और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है तथा अहिंसा और क्षमा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाता है ।
28 सितंबर को होगा क्षमावाणी महोत्सव
दिगंबर जैन समाज के नीलेश जैन , देवेंद्र जैन (चुन्नू) एवं पार्षद श्रीमती निधि जैन ने बताया कि 28 सितंबर सोमवार को सर्वोदय तीर्थ क्षेत्र में भव्य क्षमावाणी महोत्सव एवं समापन समारोह आयोजित किया जाएगा । कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 8 बजे अभिषेक एवं शांतिधारा , 10 बजे क्षमावाणी महोत्सव , 11 बजे वात्सल्य भोज तथा दोपहर 12 बजे विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी । इसके पश्चात दोपहर 3 बजे पुनः अभिषेक-शांतिधारा और शाम 7 बजे संगीतमय महाआरती का आयोजन होगा ।
जैन धर्म में क्षमावाणी पर्व का विशेष महत्व
इस अवसर पर श्रद्धालु परस्पर क्षमा मांगकर मैत्री , सद्भाव और आत्मशुद्धि का संदेश देते हैं । सर्वोदय तीर्थ क्षेत्र कमेटी एवं सकल दिगंबर जैन समाज अमरकंटक ने सभी श्रद्धालुओं से महोत्सव में सहभागिता का आग्रह किया है । क्षमावाणी महोत्सव के साथ पर्यूषण पर्व का समापन होगा और समाज में प्रेम , सौहार्द , क्षमा तथा आपसी सम्मान का संदेश प्रसारित होगा ।


