बालाघाट। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सेवाकाल के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद बालाघाट द्वारा नगर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में इतवारी गंज बाजार में व्यापक सफाई अभियान चलाकर सड़कों, बाजार परिसर और नालियों की सफाई एवं धुलाई की गई।
रविवार को साप्ताहिक बाजार लगने के बाद क्षेत्र में बड़ी मात्रा में सब्जियों, फलों, पॉलीथिन और अन्य कचरा फैल जाने से गंदगी की स्थिति निर्मित होती है। नगर पालिका अध्यक्ष भारती सुरजीत सिंह ठाकुर ने व्यापारियों एवं नागरिकों से कचरा निर्धारित स्थान या कचरा वाहन में ही डालने तथा नालियों में पॉलीथिन, फल-सब्जियाँ एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री नहीं फेंकने की अपील की। उन्होंने कहा कि बालाघाट हमारा अपना शहर है और इसे साफ, स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान तीन-चार ऐसे स्थान चिह्नित किए गए, जहाँ नियमित रूप से कचरा फेंका जाता है। नगर पालिका अध्यक्ष ने इन स्थानों पर निगरानी कैमरे लगाने के निर्देश दिए, ताकि कचरा फेंकने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
इतवारी गंज क्षेत्र में पूर्व में लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं, जिनमें एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित पार्किंग स्थल भी शामिल है। नगर पालिका अध्यक्ष ने पार्किंग स्थल की व्यवस्थाएँ शीघ्र पूर्ण कर उसे प्रारंभ करने, दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग तथा निर्धारित शुल्क वसूली की व्यवस्था बनाने के निर्देश राजस्व अमले को दिए। सब्जी एवं चिल्लर बाजार के अंदर मोटरसाइकिलों का आवागमन रोकने तथा व्यवस्था के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी संबंधित राजस्व निरीक्षक को दिए गए।
अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन सुबह 7:30 बजे से 21 सितंबर को इतवारी बाजार, 22 सितंबर को वैनगंगा नदी के छोटे पुल स्थित विसर्जन घाट, 23 सितंबर को देवी तालाब एवं धोबी तालाब, 24 सितंबर को गुजरी बाजार, 25 सितंबर को बस स्टैंड एवं रानी अवंतीबाई चौक, 26 सितंबर को मेन रोड एवं आचार्य विद्यासागर मार्ग, 28 सितंबर को इतवारी गंज एवं हनुमान चौक, 29 सितंबर को गुजरी बाजार एवं गौली मोहल्ला, 30 सितंबर को बजरंग घाट एवं रेंजर्स कॉलेज क्षेत्र, 1 अक्टूबर को ढीमरटोला घाट एवं वार्ड क्रमांक 1 तथा 2 अक्टूबर को उत्कृष्ट विद्यालय मैदान एवं आंबेडकर मार्ग, गोंदिया रोड में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। नगरवासियों, व्यापारियों एवं सामाजिक संगठनों से अभियान में सहभागी बनने की अपील की गई है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष भारती सुरजीत सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष पप्पू योगेश भिसेन, सभापति वकील वाधवा, संगीता खगेस कावरे, उज्ज्वल आमडारे, कमलेश पंचे, संगीता छोटू थापा सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्वच्छता अमला उपस्थित रहा।


