उद्घाटन, विद्यार्थियों से संवाद कर लक्ष्य प्राप्ति के लिए दिए मार्गदर्शन
अनूपपुर।गत दिवस को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर की उपस्थिति में पूरे मध्य प्रदेश के पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रावासों में मेस संचालन का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में अनूपपुर स्थित पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास में मेस का उद्घाटन जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती पार्वती राठौर ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात श्रीमती राठौर ने फीता काटकर मेस का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग श्रीमती सरिता नायक सहित छात्रावास के विद्यार्थी एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों से व्यक्तिगत संवाद
जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती पार्वती राठौर ने छात्रावास के विद्यार्थियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को जानने का प्रयास किया। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, उच्च विचार एवं अच्छे संस्कारों को अपनाने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करें और आदर्श नागरिक बनने की दिशा में आगे बढ़ें। विद्यार्थियों को अपने माता-पिता के सपनों को साकार करने तथा समाज के कल्याण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि माता-पिता अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आशा से उन्हें शिक्षा के लिए बाहर भेजते हैं, इसलिए विद्यार्थियों को अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए आगे बढ़ना चाहिए।
विद्यार्थियों के हित में मेस संचालन
सहायक आयुक्त श्रीमती सरिता नायक की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्रावास में मेस संचालन की व्यवस्था को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी पहल बताया गया। मेस के माध्यम से छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को भोजन संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने विद्यार्थियों की आवश्यकताओं एवं छात्रावास व्यवस्था से जुड़े विषयों पर भी जानकारी ली।


