जबलपुर। पनागर थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 45 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से करीब 30 तोला सोने के जेवर, चांदी के आभूषण, वारदात में प्रयुक्त ऑटो, सब्बल और ऑटो का हुड बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम केवलारी निवासी अभिषेक चौबे उर्फ गुड्डू (35), आशीष चौबे (36) और उसकी पत्नी ज्योति चौबे (32) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार लमती निवासी गगन शर्मा 11 सितंबर की रात पत्नी और बच्चों को इंदौर जाने वाली ट्रेन में बैठाने स्टेशन गए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके सूने मकान को निशाना बनाया। अगले दिन पड़ोसी ने शटर का कुंदा टूटा होने की सूचना दी। घर पहुंचने पर आलमारियों के लॉक टूटे मिले और सोने-चांदी के जेवर गायब थे।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 1:04 बजे एक नीला ऑटो घर के सामने संदिग्ध हालत में रुकता दिखाई दिया। ऑटो पर लगे ‘कैप्री गोल्ड लोन’ के विज्ञापन के आधार पर पुलिस आशीष तक पहुंची। पूछताछ में सामने आया कि आशीष ने दो दिन तक मकान की रेकी की थी। इसके बाद उसने भाई अभिषेक के साथ मिलकर ऑटो से पहुंचकर ताले तोड़े और जेवर चोरी कर लिए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने के मंगलसूत्र, हार, चेन, कंगन, झुमकी, अंगूठियां, ब्रेसलेट सहित चांदी के आभूषण बरामद किए। पुलिस के मुताबिक आशीष के खिलाफ पहले से चार मामले दर्ज हैं।


