22.1 C
Jabalpur
September 28, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

मुझे सुरक्षा दी जाए, कुछ भी हो सकता है’, आरडीवीवी कुलसचिव ने कुलगुरु को लिखे दो पत्र; निलंबित चौकीदार से खतरे की आशंका जताई


जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (आरडीवीवी) के कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल ने निलंबित चौकीदार रविंद्र तिवारी से खुद को खतरा बताते हुए कुलगुरु प्रो. राजेश वर्मा से सुरक्षा की मांग की है। कुलसचिव ने 21 और 24 सितंबर को अलग-अलग पत्र लिखकर कार्यालय और निवास पर सुरक्षा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। दोनों पत्रों की प्रतियां सिविल लाइन थाना प्रभारी और उच्च शिक्षा विभाग के अपर सचिव को भी भेजी गई हैं।

कुलसचिव ने अपने पत्र में कहा है कि रविंद्र तिवारी को कार्य में कदाचरण के चलते उनके द्वारा निलंबित किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि तिवारी स्वभाव से उग्र हैं और आए दिन नशे की हालत में रहते हैं। पत्र के मुताबिक, पूर्व में भी वे कुलसचिव कार्यालय में नशे की हालत में आए थे, जहां कर्मचारियों ने समझाइश देकर उन्हें वापस भेज दिया था।

कुलसचिव ने 21 सितंबर को लिखे पत्र में विश्वविद्यालय में पूर्व में पदस्थ रहे सहायक कुलसचिव पवन साहू के साथ रविंद्र तिवारी के कथित विवाद का भी उल्लेख किया है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि तिवारी ने पवन साहू के साथ झूमाझटकी, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया था। उनके घर जाकर भी गाली-गलौज और दरवाजा तोड़ने का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया गया है।

पत्र में यह भी कहा गया है कि तिवारी ने पवन साहू पर महिला उत्पीड़न से जुड़े आरोप लगाकर उनकी सामाजिक और प्रशासनिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। कुलसचिव के अनुसार, यह मामला जांच में है और पवन साहू ने विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ सिविल लाइन थाना पुलिस को भी आवेदन दिया था।

कुलसचिव ने सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि वह वर्तमान में जबलपुर में अकेले रह रहे हैं। उन्होंने निलंबन के बाद अपने खिलाफ षड्यंत्र या कुचक्र रचे जाने तथा झूठी शिकायत किए जाने की आशंका जताई। साथ ही खुद को नुकसान पहुंचाए जाने की आशंका भी व्यक्त की। उन्होंने कार्यालय और निवास पर सुरक्षा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, ताकि वह भयमुक्त होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।

24 सितंबर को दोबारा भेजे पत्र में कुलसचिव ने कहा कि 21 सितंबर को दिए गए आवेदन पर अब तक कोई कार्रवाई या आदेश नहीं हुआ है। उन्होंने लिखा कि घटना के बाद से वह लगातार डरे और भयग्रस्त हैं, जिसका असर कार्यालयीन कार्यों पर भी पड़ रहा है। उन्होंने एक बार फिर सुरक्षा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

पूर्व महासचिव को भी नोटिस

सुरक्षा की मांग के बीच कुलसचिव ने आरडीवीवी कर्मचारी नेता एवं पूर्व महासचिव राजेंद्र शुक्ला को 25 सितंबर को नोटिस जारी किया है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि उन्होंने समाचारों की कटिंग वॉट्सऐप ग्रुप में पोस्ट कर कुलसचिव की छवि धूमिल करने का प्रयास किया।

नोटिस में कुलसचिव ने समाचारों में रुचि लेकर उन्हें ग्रुप में पोस्ट करने के पीछे किसी विशेष या गुप्त एजेंडे के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा है। इसे नियोक्ता की छवि धूमिल करने वाला कृत्य बताते हुए राजेंद्र शुक्ला से दो दिन में लिखित जवाब मांगा गया है।

कुलसचिव की सुरक्षा की मांग और कर्मचारी नेता को जारी नोटिस के संबंध में कुलगुरु प्रो. राजेश वर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

अन्य ख़बरें

दिव्यांगों की यात्रा सुविधाओं को बेहतर बनाने रेलवे ने मांगे सुझाव

Newsdesk

भाजपा के 1041 बूथों पर कार्यकर्ताओं ने सुनी ‘मन की बात

Newsdesk

संगठन और समाज के बीच विश्वास का सेतु मजबूत करता है कार्यकर्ता:- रजनीश अग्रवाल

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading