जबलपुर। राष्ट्रव्यापी ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के अंतर्गत एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी द्वारा आज 1 अक्टूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ श्रमदान कार्यक्रम का वृहद स्तर पर आयोजन किया गया है। यह विशेष अभियान जबलपुर स्थित पावर मैनेजमेंट कंपनी परिसर की हॉस्टल बिल्डिंग के निकट सुबह 11:00 बजे से शुरू होगा, जिसमें कंपनी के समस्त अभियंता और कार्मिक एकजुट होकर श्रमदान करेंगे।
इस गरिमामयी अवसर पर स्वच्छता के प्रहरियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए एक विशेष हेल्थ कैंप (स्वास्थ्य शिविर) का भी आयोजन किया गया है। इस शिविर में मुख्य रूप से सफाई मित्रों और सिविल विभाग के कार्मिकों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। इसके साथ ही, कार्य के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन्हें ग्लव्स (दस्ताने) व अन्य आवश्यक सुरक्षा सामग्री भी प्रदान की जाएगी।
पावर मैनेजमेंट कंपनी के कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन व प्रशासन फिरोज कुमार मेश्राम ने सभी अभियंताओं व कार्मिकों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थान पर ठीक सुबह 11:00 बजे उपस्थित होकर इस महा-अभियान का हिस्सा बनें और परिसर को स्वच्छ व सुंदर बनाने में अपना अमूल्य योगदान दें।
‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के माध्यम से एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी द्वारा स्वच्छता, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सहभागिता का संदेश देते हुए अपने मुख्यालय परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प दोहराया जाएगा।


