प्रतिदिन सुबह 10 बजे होगी राजस्व कार्यों की समीक्षा, लंबित प्रकरणों के निराकरण पर जोर
जबलपुर। नवागत कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने पदभार ग्रहण करने के बाद अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं, उपलब्धियों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ बैठक में उपस्थित होने और निर्धारित लक्ष्यों की समय-सीमा में पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने राजस्व संबंधी कार्यों की समीक्षा के लिए प्रतिदिन सुबह 10 बजे बैठक आयोजित करने की बात कही। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय पर निराकरण करने, स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्रियों की संख्या बढ़ाने, पात्र भूमिहीन परिवारों को पट्टे उपलब्ध कराने तथा नामांतरण सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
बैठक में उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत हितग्राहियों की संख्या बढ़ाने, संबल योजना में पंजीयन, सहकारी बैंक की ऋण वसूली, एनपीए और लंबित भुगतानों की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति वितरण, छात्रावासों की व्यवस्था और पुस्तकों के वितरण पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने खनिजों के अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग पर नियमानुसार कार्रवाई, कृषि विभाग में गिरदावली एवं धान पंजीयन की तैयारियों तथा खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पोषण पुनर्वास केंद्रों, स्वास्थ्य संस्थानों, जनगणना प्रशिक्षण और विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
कलेक्टर ने अधिकारियों को टीम भावना से कार्य करने, आपसी समन्वय बनाए रखने और पात्र हितग्राहियों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गेहलोत, अपर कलेक्टरों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


