नंबर प्लेट भी नहीं थी लगी, सागर निवासी के नाम पर बताया जा रहा वाहन; खनिज विभाग ने प्रकरण दर्ज कर लगाया अर्थदंडमोहगांव : कुरई थाना क्षेत्र की बादलपार चौकी अंतर्गत ग्राम जोगीवाड़ा में खनिज विभाग ने अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के मामले में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। खनिज निरीक्षक रंजीत डेहरिया के अनुसार, मंगलवार शाम की गई कार्रवाई के बाद वाहन को बादलपार चौकी में खड़ा कराया गया। जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। वाहन सागर निवासी आकाश भलावी का बताया गया है। खनिज विभाग के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को नियमानुसार प्रकरण पंजीबद्ध कर अर्थदंड अधिरोपित किया गया।
कार्रवाई के बावजूद अवैध रेत कारोबार पर अंकुश की चुनौती
क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का मुद्दा लगातार चर्चा में है। स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि नेवरी नदी सहित बादलपार और चक्कीखमरिया क्षेत्र से रेत का अवैध उत्खनन कर ऊंचे दामों पर बिक्री की जा रही है। ऐसे में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की जब्ती के बाद भी इस कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्रवाई केवल वाहनों की जब्ती तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। अवैध उत्खनन से लेकर परिवहन और बिक्री तक सक्रिय नेटवर्क की जांच कर इसमें शामिल लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए।


