जबलपुर। नवरात्रि के पावन अवसर पर शक्ति नगर स्थित महारानी 90 क्वाटर्स नवशक्ति युवा मंडल के तत्वावधान में इरा नंदिनी कायस्थ वुमन क्लब द्वारा भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। देवी मां की महाआरती कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। इसके बाद पारंपरिक गरबा और डांडिया रास की रंगारंग प्रस्तुतियों ने आयोजन में उत्साह और उमंग भर दी।
कार्यक्रम के संयोजक अंकित श्रीवास्तव (तनु भैया) रहे। क्लब की अध्यक्ष शीतल श्रीवास्तव और उपाध्यक्ष अंशुल वर्मा सहित आयोजन से जुड़ी महिलाओं ने व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की धर्मपत्नी माला सिंह, विनय सक्सेना, प्रीति सक्सेना और सुजाता सिंह की उपस्थिति रही। विशेष अतिथियों में राकेश श्रीवास्तव, शुभ्रा श्रीवास्तव, लोकेश श्रीवास्तव, श्वेता श्रीवास्तव और डॉ. संगीता श्रीवास्तव शामिल रहे।
इस अवसर पर गरबा और डांडिया रास प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। निर्णायक मंडल में शुभ्रा श्रीवास्तव, नीरू सक्सेना, रेणु अरोड़ा और डॉ. दिव्या चौबे ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
पंडाल के आसपास विभिन्न उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए, जहां परिवारों ने खरीदारी और उत्सव का आनंद लिया। आयोजन में भक्ति, सांस्कृतिक परंपरा और महिला सहभागिता का सुंदर संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मेघना दीवान और नवशक्ति मित्र मंडल के साथ शशि श्रीवास्तव, निधि श्रीवास्तव, राजश्री खरे, शालिनी वर्मा, आयुषी सक्सेना, प्रीति श्रीवास्तव, रुचि श्रीवास्तव और निधि खरे का सहयोग रहा।


