धान पंजीयन सत्यापन, सीएम हेल्पलाइन और स्वामित्व योजना की समीक्षा, ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण पर जोर
जबलपुर। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर शासकीय योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पनागर जनपद पंचायत के ग्राम सूखा और मंगेला सहित सिहोरा जनपद पंचायत के ग्राम जुझारी तथा पिपरिया और बेलखाड़ू पहुंचकर स्वामित्व योजना, धान पंजीयन सत्यापन और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने और लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत सूखा में कलेक्टर ने धान पंजीयन के सत्यापन, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों और स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों की पट्टा वितरण एवं पेंशन संबंधी समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्राम मंगेला में उन्होंने पटवारियों को पात्र हितग्राहियों से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने और उनकी ई-केवाईसी कराने को कहा।
जनपद पंचायत सिहोरा के ग्राम जुझारी में कलेक्टर ने स्वामित्व योजना के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। वहीं, ग्राम पिपरिया में दुर्गा पंडाल पहुंचकर योजना के कार्यों का जायजा लिया और पटवारी के काम की सराहना करते हुए प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए।
ग्राम बेलखाड़ू में उन्होंने पात्र हितग्राहियों की ई-केवाईसी और रजिस्ट्री की समीक्षा की। उन्होंने पटवारी को ग्राम कोटवार के साथ समन्वय बनाकर हितग्राहियों से संपर्क करने तथा लंबित कार्य समय पर पूरे कराने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान पनागर क्षेत्र में एसडीएम कलावती ब्यारे, तहसीलदार नीरज तखरिया और सरपंच डॉ. रितेश सिंह ठाकुर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सिहोरा क्षेत्र के निरीक्षण में एसडीएम ज्योति परस्ते सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।


