न्यायमूर्ति सुजॉय पॉल की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में प्रो. भारती शुक्ल ने पुस्तक की व्याख्या की
जबलपुर। गांधी संवाद परिषद के तत्वावधान में गांधी के अध्येता राजेश बहुगुणा की प्रथम पुस्तक ‘समाचार मीडिया और गांधी’ का लोकार्पण समारोह 17 अक्टूबर को होटल अन्नपूर्णा इन, नेपियर टाउन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता न्यायमूर्ति सुजॉय पॉल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में दीपक खांडेकर उपस्थित रहे, जबकि प्रोफेसर भारती शुक्ल ने पुस्तक की व्याख्या की।
समारोह में महात्मा गांधी के विचारों और समाचार माध्यमों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने वर्तमान दौर में मीडिया की जिम्मेदारी, सामाजिक सरोकारों और पत्रकारिता में गांधीवादी विचारधारा की प्रासंगिकता पर विचार रखे। पुस्तक के माध्यम से समाचार माध्यमों और गांधी के विचारों के बीच संबंधों को समझने तथा समकालीन पत्रकारिता के दायित्वों पर संवाद को महत्वपूर्ण माना गया।
गांधी संवाद परिषद का उद्देश्य महात्मा गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और समसामयिक विषयों पर सार्थक संवाद की परंपरा को आगे बढ़ाना है। आयोजन ने साहित्य, पत्रकारिता और गांधीवादी चिंतन के बीच विचार-विमर्श का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम का संचालन विवेक त्रिपाठी ने किया। अंत में परिषद के संयोजक अनुराग जैन गढ़ावाल ने अतिथियों, पुस्तक के लेखक राजेश बहुगुणा, सहयोगियों और उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आयोजन में नवनीत माहेश्वरी, के.के. अग्रवाल, रूपेंद्र पटेल, राजेंद्र चंद्रकांत राय, रमेश बड़कुल, राजेश द्विवेदी, बबुआ शुक्ला, प्रशांत मिश्रा, नितिन जैन और चंद्रा साहब की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


