जबलपुर। शहर के सुनियोजित विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) 324 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराएगा। जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन की अध्यक्षता में आयोजित संचालक मंडल की बैठक में इन कार्यों को वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को दो दिवसीय प्रॉपर्टी मेला आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया।
योजना क्रमांक 64 एवं 65 में सड़क निर्माण, सीवरेज नेटवर्क, जल प्रदाय लाइन, बाउंड्री वॉल और ड्रेनेज सहित आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए 312.80 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई। वहीं, योजना क्रमांक 31 में सड़क, सीवरेज, जल प्रदाय, बाउंड्री वॉल, ड्रेन और पुलिया निर्माण के लिए 11.26 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
प्राधिकरण की संपत्तियों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने और उनके क्रय-विक्रय को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रॉपर्टी मेले का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन विज्ञापन जारी कर दिए गए हैं। समाचार पत्रों सहित विभिन्न माध्यमों से मेले का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इसका लाभ उठा सकें।
बैठक में कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, नगर निगम आयुक्त अग्रिम कुमार, जेडीए उपाध्यक्ष प्रशांत केसरवानी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक के.वी. सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अध्यक्ष संदीप जैन ने कहा कि विकास कार्यों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करना प्राथमिकता होगी। उन्होंने पारदर्शिता और नियमित निगरानी पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि पूर्व बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार सिविक सेंटर के व्यवस्थित विकास का कार्य भी प्रारंभ हो चुका है।


