जबलपुर। खितौला के वार्ड क्रमांक 13 में गुरुवार देर रात चार बदमाशों ने एक घर में घुसकर महिला और उसके दो छोटे बच्चों को बंधक बनाकर जेवर लूट लिए। वारदात के बाद आरोपियों ने पास के एक अन्य सूने मकान को भी निशाना बनाया और वहां से नकदी व आभूषण चोरी कर फरार हो गए। दोनों घरों में वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, विनय विश्वकर्मा दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए गए थे। घर में उनकी पत्नी आरती विश्वकर्मा, सात वर्षीय बेटी अवनी और तीन वर्षीय बेटा मौजूद थे। विनय घर में बाहर से ताला लगाकर गए थे। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब एक बजे चार बदमाशों ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। आहट सुनकर आरती की नींद खुल गई। आरोप है कि एक बदमाश ने उनके चेहरे पर टॉर्च की रोशनी डाली और अपने साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद बदमाशों ने महिला को अपने कब्जे में लेकर उसके गले से मंगलसूत्र लूट लिया और दोनों बच्चों को भी बंधक बनाए रखा।
रॉड से अलमारी तोड़कर समेटे जेवर
आरोपियों ने रॉड से अलमारी तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण निकाल लिए। चोरी गए सामान में सोने की तीन अंगूठियां, कान के झाले, मांग की बिंदी, दो लॉन्ग, दो मंगलसूत्र, दो लॉकेट, चांदी की चूड़ियां और पायल सहित अन्य आभूषण शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, इस घर से चोरी गए जेवरों की कीमत करीब 1.75 लाख रुपये बताई गई है।
पड़ोसी के सूने मकान को भी बनाया निशाना
पहले घर में लूटपाट करने के बाद बदमाश पास में रहने वाले प्रभांशु पांडे के सूने मकान में पहुंचे। वहां आरोपियों ने सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया और सोने की चेन, पायल तथा 17 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। इसके बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में जुटी है।


