स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्रों का किया निरीक्षण; लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही के दिए निर्देश
जबलपुर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह ने आज दौरा कर विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया और शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनहित से जुड़ी सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
संभागायुक्त श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान शासकीय कन्या माध्यमिक शाला का निरीक्षण कर विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं शैक्षणिक गुणवत्ता का आंकलन किया। उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए नियमित पठन पाठन हेतु प्रेरित किया एवं उपस्थित छात्रों से छात्रवृत्ति की जानकारी भी ली। निरीक्षण के दौरान अध्यापन कार्य अपेक्षित स्तर का न पाए जाने पर संबंधित प्राचार्य के विरुद्धअनुशासनात्मक कार्यवाही हेतु निर्देश दिए।
संभागायुक्त ने आंगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण कर बच्चों के पोषण, वजन, खेलकूद व शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। विभागीय निर्देशानुसार आंगनवाड़ी केंद्र संचालन की समुचित मॉनिटरिंग न करने के आधार पर संबंधित सीडीपीओ एवं सुपरवाइजर के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
संभागायुक्त धनंजय सिंह ने शासकीय संस्थाओं के निरीक्षण के अनुक्रम में शासकीय राशन वितरण दुकान में खाद्यान्न वितरण के संबंध में आवश्यक जानकारी लेकर संयुक्त आयुक्त सहकारिता को सत्यापन कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पात्र व्यक्तियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। खाद्यान्न की गुणवत्ता उपयुक्त स्तर की परिलक्षित न होने पर संबंधित खाद्य निरीक्षक के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक चेरीताल का निरीक्षण किया। जिसमें उन्होंने चिकित्सकीय स्टाफ एवं मरीजों से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, एएनसी पंजीयन तथा मरीजों के स्वास्थ्य परीक्षण की स्थिति का भी जायजा लिया। साथ ही भर्ती मरीजों से उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र में गुणवत्तापूर्ण उपचार, आवश्यक दवाइयों की सतत उपलब्धता एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएँ। इसके साथ ही ओपीडी पंजी का निरीक्षण कर, टीकाकरण कार्यवाही, जननी सुरक्षा योजना व प्रसूति सहायता योजना के प्रकरणों की भी जानकारी ली। उन्होंने क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केंद्र में गुणवत्तापूर्ण उपचार, आवश्यक दवाइयों की सतत उपलब्धता एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं तथा एएनसी पंजीयन की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएँ।


