जबलपुर। सिहोरा के हटौली गांव में आज उस वक्त चीख पुकार मच गई, जब दोपहर 3.30 बजे के लगभग सड़क किनारे खड़े होकर बस का इंतजार कर रही वृद्धा हल्लेबाई चौधरी व उनकी नातिन रागिनी को पिकअप ने टक्कर मारकर कुचल दिया। हादसे में वृद्धा की मौत हो गई। वहीं युवती रागिनी के शरीर पर गंभीर चोटें आई है। रागिनी को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार हल्लेबाई चौधरी उम्र 65 वर्ष अपनी नातिन रागिनी उम्र 22 वर्ष की ससुराल ग्राम हटौली आई थी। यहां पर रुकने के बाद आज वे अपने घर इमलिया जाने के लिए निकली। हल्लेबाई व रागिनी सड़क किनारे खड़ी बस का इंतजार कर रही थी। इस दौरान पीछे से आए पिकअप वाहन के चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही हल्लेबाई व रागिनी सामने की ओर गिरी, जिन्हे कुचलते हुए पिकअप वाहन निकल गया, हादसे में हल्लेबाई की मौके पर ही मौत हो गई। वही रागिनी के शरीर पर गंभीर चोटें आई। दुर्घटना होते देख आसपास खड़े लोगों में चीख पुकार मच गई, खबर मिलते ही मझौली पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों को स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। जहां पर डाक्टरों ने जांच के बाद हल्लेबाई को मृत घोषित कर दिया, वहीं रागिनी की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर कर दिया। घटना के बाद चालक पिकअप वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला था, जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।


