कलेक्टर रत्नाकर झा ने दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ, हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ को किया रवाना; दौड़ेगा अनूपपुर, जुड़ेगा अनूपपुर के नारों से गूंजा शहर
अनूपपुर। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला मुख्यालय अनूपपुर में ‘रन फॉर यूनिटी’ (एकता दौड़) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर एवं मुख्य अतिथि रत्नाकर झा, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी, पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी, अपर कलेक्टर बलवीर रमन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं प्रभारी जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी जगनाथ मरकाम तथा एसडीओपी अनूपपुर सुमित कड़वे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर रत्नाकर झा द्वारा उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाकर किया गया। इसके पश्चात सभी अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ को रवाना किया। दौड़ शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर से प्रारंभ होकर इंदिरा तिराहा एवं शंकर मंदिर होते हुए अमरकंटक तिराहा पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
इस अवसर पर कलेक्टर रत्नाकर झा ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। हमें भी उनके आदर्शों को अपनाते हुए आपसी एकजुटता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि एकता में ही शक्ति है और सभी को जाति-पाति तथा भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए।
एकता दौड़ के दौरान प्रतिभागियों ने ‘दौड़ेगा इंडिया तो जुड़ेगा इंडिया’, ‘दौड़ेगा मध्यप्रदेश तो जुड़ेगा मध्यप्रदेश’ और ‘दौड़ेगा अनूपपुर तो जुड़ेगा अनूपपुर’ जैसे प्रेरणादायी नारों से वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। इसके साथ ही ‘आपस में हो भाईचारा, जाति-पाति का बंधन तोड़ो, भारत जोड़ो’ जैसे नारों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और अखंडता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला खेल प्रशिक्षक रामचंद्र यादव, विकासखंड खेल समन्वयक जैतहरी दिनेश कुमार सिंह चंदेल, कोतमा से मिथिलेश सिंह नेताम, पुष्पराजगढ़ से खेलन प्रसाद कोल, पूरन सिंह श्याम, जनजातीय कार्य विभाग के जिला क्रीड़ा प्रभारी उपेंद्र मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी तुलाराम आर्मो, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य अजय जैन, सहायक संचालक जनसंपर्क अधिकारी कुसुम मरकाम, मॉडल विद्यालय के प्राचार्य संतोष परस्ते, कन्या विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कौशलेंद्र सिंह एवं आनंद विद्यालय के प्राचार्य सहित जिले के समस्त पीटीआई, समाजसेवियों, छात्र-छात्राओं एवं युवाओं का सराहनीय सहयोग रहा।
कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन एवं एकता के संदेश से जुड़े नारों का नेतृत्व विकासखंड ग्रामीण युवा समन्वयक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग जैतहरी तथा स्टेट रेफरी वॉलीबॉल दिनेश कुमार सिंह चंदेल ने किया। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


