प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान के अंतर्गत ग्राम चन्नौड़ी में आयोजित हुआ प्रशिक्षण कार्यक्रम
====
शहडोल 31 अक्टूबर 2026- मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान के अंतर्गत सेक्टर क्रमांक-5 के ग्राम चन्नौड़ी में प्रस्फुटन समितियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला समन्वयक श्री विवेक पांडेय की उपस्थिति रही। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ सामाजिक एवं सामुदायिक विकास के कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना रहा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सेक्टर क्रमांक-5 के अंतर्गत आने वाली प्रस्फुटन समितियों बैरिहा, सेमरिहा, भमला, नेमुहा एवं शाहपुर के अध्यक्ष, सचिव और सदस्य शामिल हुए। अनुभवी प्रशिक्षक श्री आनंद यादव ने उपस्थित सदस्यों एवं नवांकुर सखियों को प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रस्फुटन समितियों की भूमिका, संगठनात्मक क्षमता के विकास तथा समाजहित में सक्रिय सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में ग्राम चन्नौड़ी के उपसरपंच श्री सत्येंद्र प्रताप सिंह, मोहम्मद हनीफ, मिश्रा, अभिलाष चतुर्वेदी, नागेश्वर सिंह, अखिलेश सिंह, कैलाश गुप्ता, रूही बेगम, घनश्याम सिंह, कमलेश सिंह और मेनिका बैगा सहित समिति के सदस्य एवं नवांकुर सखियां उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में क्षमता वर्धन प्रशिक्षण में सहभागिता करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस प्रशिक्षण के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक संगठनों को सशक्त बनाने, समितियों की कार्यक्षमता विकसित करने तथा जनभागीदारी के माध्यम से सामुदायिक विकास के कार्यों को गति देने पर जोर दिया गया।


