23.5 C
Jabalpur
October 30, 2026
सी टाइम्स
जीवनशैलीप्रादेशिकव्यापार

जबलपुर की मिठाई दुकानों और कारखानों से 13 नमूने लिए, दो इकाइयों में सफाई की कमी; तीन किलो खराब प्याज नष्ट

जबलपुर। खाद्य पदार्थों में मिलावट और दूषित सामग्री की बिक्री रोकने के लिए चल रहे अभियान के तहत राजस्व एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बुधवार को शहर की मिठाई दुकानों और कारखानों का निरीक्षण किया। विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 13 नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। दीनदयाल चौक और करमेता की दो इकाइयों में साफ-सफाई की कमी मिली, जबकि करमेता के एक कारखाने में रखे लगभग तीन किलो खराब प्याज मौके पर नष्ट कराए गए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता के अनुसार, विजय नगर स्थित अमृत भंडार बेकरी के कारखाने और दुकान में केक तथा मिठाइयां बिक्री के लिए रखी मिलीं। यहां से मिल्क केक, मलाई रोल और मलाई बर्फी के नमूने लिए गए। दीनदयाल चौक स्थित केशरवानी स्वीट्स की दुकान और कारखाने की जांच में कारखाने की सफाई संतोषजनक नहीं पाई गई। टीम ने वहां से मावा, बेसन के लड्डू, खोवा बर्फी और पेड़े के चार नमूने लिए हैं। प्रतिष्ठान को धारा 32 के तहत नोटिस देने की प्रक्रिया चल रही है।

करमेता स्थित बीकानेर स्वीट्स के कारखाने और दुकान के निरीक्षण में कारखाने तथा स्टोर में सफाई की कमी मिली। वहां तैयार किए जा रहे चॉकलेट रोल और बर्फी के नमूने लिए गए। अधिकारियों के अनुसार, दुकान में खराब प्याज रखा था, जिसे प्याज की कचौरी बनाने में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री के रूप में बताया गया। टीम ने करीब तीन किलो प्याज नष्ट कराया है। इस प्रतिष्ठान को भी धारा 32 के तहत नोटिस जारी करने की प्रक्रिया चल रही है।

इसके अलावा मेडिकल क्षेत्र के बड़कुल स्वीट और नंदीश्वर स्वीट का निरीक्षण कर दोनों दुकानों से नमकीन और पेड़े के कुल चार नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी के अनुसार, बुधवार को लिए गए सभी 13 नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं। नमूनों की गुणवत्ता प्रयोगशाला रिपोर्ट से स्पष्ट होगी; उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

अन्य ख़बरें

कचरा वाहनों को पर्याप्त डीजल न मिलने का विपक्ष का आरोप, महापौर बोले निगम के पास धन की कमी नहीं

Newsdesk

31 अक्टूबर का पंचांग: संभव हो तो पूर्व दिशा में टाल दें यात्रा, तड़के 3:24 बजे से 4:53 बजे तक रहेगा अमृतकाल

Newsdesk

जबलपुर की मॉडल रोड बनाने वाले पूर्व IAS रमेश थेटे गिरफ्तार, कोर्ट से मिली जमानत

Newsdesk

Leave a Comment