===
किसानों को उच्च गुणवत्ता का खाद और बीज सहजता से मुहैया कराएं – कमिश्नर
शहडोल संभाग में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दें, प्राकृतिक खेती का रकबा बढ़ाएं – कमिश्नर
शहडोल संभाग में कृषि यंत्रीकरण और ड्रिप-स्प्रिंकलर सिंचाई को प्रोत्साहित करे
शहडोल संभाग में उद्यानिकी फसलों की विपुल संभावनाएं, उद्यानिकी फसलों के लिए किसानों को करें प्रोत्साहित
===
शहडोल 02 नवम्बर 2026- कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता ने शहडोल संभाग में कोदो-कुटकी की खेती के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने के निर्देश कृषि विभाग के अधिकारियों को दिए हैं। कमिश्नर ने कहा है कि शहडोल संभाग में कोदो-कुटकी की खेती पारंपरिक रूप से किसानों द्वारा की जा रही है इसे और अधिक प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। कमिश्नर ने कृषि वैज्ञानिकों और कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे किसानों को कोदो-कुटकी की खेती से होने वाले लाभों के बारे में बताएं तथा शहडोल संभाग में कोदो-कुटकी की खेती के लिए किसानों को सतत रूप से प्रोत्साहित करें। कमिश्नर ने उक्त निर्देश आज कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, सहकारिता विभाग एवं पशुपालन विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए।
बैठक में कमिश्नर ने चालू रबी सीजन के लिए किसानों को खाद एवं बीज की उपलब्धता की जिलेवार समीक्षा करते हुए कहा कि शहडोल संभाग के किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहजता से उच्च गुणवत्ता का खाद और बीज मुहैया कराएं। उन्होंने कहा कि शहडोल संभाग के किसानों को उचित दरों पर उच्च गुणवत्ता का बीज उपलब्ध हो, यह संबंधित विभाग के अधिकारी सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने निर्देश दिए हैं कि खाद-बीज की उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग के मैदानी अधिकारी खाद-बीज की गुणवत्ता नियंत्रण हेतु समय-समय पर खाद-बीज के नमूने लेकर कार्रवाई भी सुनिश्चित करें।
बैठक में प्राकृतिक खेती मिशन की प्रगति की जिलेवार समीक्षा करते हुए कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहडोल संभाग में प्राकृतिक खेती की विपुल संभावनाएं हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि कृषि वैज्ञानिक किसानों से संपर्क स्थापित कर प्राकृतिक खेती के प्रति किसानों को जागरूक करें तथा उन्हें प्राकृतिक खेती करने के लिए प्रोत्साहित करें। बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लक्ष्य शहडोल संभाग में काफी कम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के संबंध में किसानों को समुचित जानकारी दें तथा इस योजना में अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन कर उन्हें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिलाएं।
बैठक में कृषि यंत्रीकरण योजना की प्रगति की कमिश्नर द्वारा जिलेवार समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शहडोल संभाग में कृषि यंत्रीकरण योजना की जानकारी किसानों तक पहुंचाएं, किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों की जानकारी दें तथा किसानों को कृषि यंत्रों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करें। कमिश्नर ने ड्रिप-स्प्रिंकलर योजना का भी व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए तथा कहा कि ड्रिप-स्प्रिंकलर योजना का लाभ किसानों को मिलना चाहिए।
बैठक में शहडोल संभाग में उद्यानिकी फसलों का रकबा बढ़ाने के निर्देश देते हुए कमिश्नर ने कहा कि शहडोल संभाग में उद्यानिकी फसलों की विपुल संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि उद्यानिकी विभाग के अधिकारी किसानों को फलदार पौधे, सब्जी की खेती एवं फूलों की खेती करने के लिए शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दें तथा किसानों को उद्यानिकी फसलें लगाने के लिए प्रोत्साहित करें।
बैठक में कमिश्नर ने पशुपालन विभाग, मछुआ कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत उमरिया श्री अभय सिंह, सीईओ जिला पंचायत अनूपपुर श्रीमती अर्चना कुमारी, संयुक्त आयुक्त विकास श्री मुद्रिका सिंह, संयुक्त संचालक कृषि श्री के.एस. यादव, उद्यानिकी विभाग, मत्स्य विभाग, सहकारिता विभाग एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।


