त्योहार के बीच भैंसासुर रोड पर निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार, खाली प्लॉट बने अघोषित कचरा डंपिंग जोन
जबलपुर। शहर के भैंसासुर रोड से चौथापुल होते हुए सदर को जोड़ने वाली सड़क का अधूरा निर्माण अब स्थानीय रहवासियों और राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनता जा रहा है। सड़क पर जगह-जगह फैली गिट्टी, उड़ती धूल और निर्माण कार्य की धीमी गति ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। हालात यह हैं कि सड़क किनारे स्थित खाली प्लॉट भी अघोषित कचरा डंपिंग जोन में तब्दील होते जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार के कारण उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जब रहवासियों से निर्माण कार्य पूरा होने के संबंध में जानकारी ली गई तो उनका कहना था कि दशहरा के बाद ही सड़क का काम पूरा होने की उम्मीद है। लगातार हो रही परेशानी से कुछ लोग इतने निराश हो चुके हैं कि अब घर बदलने तक की सोच रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि इन दिनों नवरात्रि का पर्व भी मनाया जा रहा है और क्षेत्र में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई है। इसके बावजूद सड़क की बदहाल स्थिति सुधारने और धूल से राहत दिलाने के लिए कोई प्रभावी कदम नजर नहीं आ रहा है। पूरे मार्ग पर गिट्टी बिखरी हुई है और वाहनों की आवाजाही से धूल के गुबार उठ रहे हैं। इससे स्थानीय निवासियों के साथ ही राहगीरों को भी परेशानी हो रही है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब त्योहारों का समय पहले से निर्धारित था तो निर्माण एजेंसी ने समय रहते सड़क निर्माण की योजना क्यों नहीं बनाई? आखिर त्योहारों के दौरान ही लोगों को इस अव्यवस्था से क्यों जूझना पड़ रहा है? निर्माण कार्य की रफ्तार देखकर यह आशंका भी जताई जा रही है कि दशहरा के बाद भी सड़क का काम समय पर पूरा हो पाएगा या नहीं।
एक ओर जबलपुर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शहर की महत्वपूर्ण सड़कों की ऐसी स्थिति विकास के दावों पर सवाल खड़े कर रही है। अब जरूरत है कि संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी तत्काल संज्ञान लेकर सड़क का काम तेजी से पूरा कराएं, ताकि रहवासियों और राहगीरों को इस रोजमर्रा की परेशानी से राहत मिल सके।


