November 2, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

*राष्ट्रीय एकता दिवस पर जैतहरी

में शपथ, साइकिल रैली और रस्साकशी प्रतियोगिता आयोजित*
*सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर विद्यार्थियों ने दिया एकता का संदेश, साइबर सुरक्षा के प्रति भी किया जागरूक*
अनूपपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जैतहरी में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ, साइकिल रैली एवं रस्साकशी प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा अभियान के तहत विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपाय भी बताए गए।
मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर अनूपपुर रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं प्रभारी जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी जगन्नाथ मरकाम, अपर कलेक्टर बलवीर रमन एवं अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत तथा उपसंचालक सामाजिक न्याय विभाग कृष्ण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
एकता के नारों से गूंजा विद्यालय परिसर
कार्यक्रम में थाना जैतहरी के सहायक उप निरीक्षक संतोष कुमार पांडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य कमलेश सिंह राठौर सहित शिक्षकगण एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ ली और साइकिल रैली के माध्यम से एकता एवं भाईचारे का संदेश दिया। इसके साथ ही रस्साकशी प्रतियोगिता आयोजित कर खेल भावना और सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ‘एकता में शक्ति है’, ‘जाति-पाति का बंधन तोड़ो, भारत जोड़ो’, ‘दौड़ेगा इंडिया तो जुड़ेगा इंडिया’, ‘दौड़ेगा मध्यप्रदेश तो जुड़ेगा मध्यप्रदेश’ तथा ‘सरदार पटेल का एक ही नारा, आपस में हो भाईचारा’ जैसे नारों से विद्यालय परिसर गूंज उठा। विद्यार्थियों ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘सरदार वल्लभभाई पटेल अमर रहें’ के उद्घोष के साथ लौह पुरुष को याद किया।
साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय
थाना जैतहरी के सहायक उप निरीक्षक संतोष कुमार पांडे ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व के साथ साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराए। विद्यालय के प्राचार्य कमलेश सिंह राठौर ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके योगदान और राष्ट्रीय एकता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को सामाजिक सद्भाव एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
दिनेश चंदेल ने किया मंच संचालन
कार्यक्रम का मंच संचालन एवं नारों का नेतृत्व दिनेश कुमार सिंह चंदेल ने किया। वे विकासखंड जैतहरी खेल एवं युवा कल्याण समन्वयक, स्टेट रेफरी, नेशनल ट्रेनर वॉलीबॉल तथा नशा मुक्ति भारत अभियान के राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में थाना प्रभारी जैतहरी गोकुलानंद पांडे, उप निरीक्षक मणिराज सिंह, अमरलाल यादव, जेपीएच तिर्की, सहायक उप निरीक्षक जय सिंह, श्याम शुक्ला, विनोद विश्वकर्मा, प्रधान आरक्षक विजयानंद पांडे सहित पुलिस बल का सहयोग रहा।
विद्यालय के शिक्षक मोहम्मद परवेज खान, जफर खान, अरविंद पांडे, चिंताराम पट्टा, सोमल सिंह श्याम, आशा राठौर, विभा गुप्ता, जय सूर्य गुप्ता, बलराम चौधरी, पूनम सिंह, रजनी पटेल, कविता सिंह चंदेल, निधि ताम्रकार, सविता राठौर, पूरनलाल प्रजापति, मोहम्मद अफसर रजा, कामिनी शुक्ला, मीरा राठौर, जयप्रकाश बैगा सहित समस्त विद्यालय स्टाफ का सहयोग रहा।
इसके अतिरिक्त शाम 5:30 बजे थाना जैतहरी में विद्यार्थियों के साथ प्रधानमंत्री का टेलीविजन कार्यक्रम देखा गया तथा बच्चों को प्रेरित किया गया। संपूर्ण आयोजन खेल संचालनालय द्वारा निर्धारित कैलेंडर के अनुसार संपन्न हुआ। कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला खेल प्रशिक्षक रामचंद्र यादव एवं सहायक ग्रेड-3 कमलकांत साहू का विशेष सहयोग रहा।

अन्य ख़बरें

पिट्ठू बैग में गांजे के चार पैकेट लेकर बस से कर रहा था सफर, 7.158 किलो गांजे के साथ युवक गिरफ्तार

Newsdesk

बिलहरी में तेज रफ्तार कार ने कावासाकी निंजा बाइक को मारी टक्कर, महिला चालक पर नशे में होने का आरोप; हादसे का वीडियो आया सामने

Newsdesk

हार्वेस्टर में स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम लगाना अनिवार्य, बिना एसएमएस के संचालन पर होगी निगरानी : कलेक्टर

Newsdesk

Leave a Comment