पुलिस ने निकाला जुलूस, टीम को देखकर तीन मंजिला मकान से दी नीचे कूदने की धमकी
जबलपुर। शहर के बरेला थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास, मारपीट और लूट के मामलों में चार महीने से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी राहुल दुबे को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम को देखकर आरोपी तीन मंजिला मकान की छत पर चढ़ गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए जमकर हंगामा किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे काबू में किया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह बरेला थाना प्रभारी संगीता सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी आरोपी राहुल दुबे अपने घर आया हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस को देखते ही राहुल भागकर घर के अंदर घुस गया। पुलिस ने घेराबंदी की तो वह तीन मंजिला मकान की छत पर चढ़ गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए नीचे कूदने की धमकी दी। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह पत्थर उठाकर पुलिस पर हमला करने की कोशिश करने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
ज़्यादा जानें
समाचार पढ़ें
Politics
astrology
राशिफल देखें
Astrology
क्राइम स्क्वॉड पर हमले का भी आरोप
पुलिस के अनुसार, राहुल दुबे क्षेत्र का आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। करीब एक साल पहले उसने क्राइम स्क्वॉड की टीम पर भी हमला किया था। हत्या के प्रयास, मारपीट और लूट के मामलों में फरार होने के चलते उस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को उसके घर के पास लेकर पहुंची और जुलूस निकाला। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


