60 दिन से आर्थिक सहायता के लिए भटक रहे शिकायतकर्ता से फोन पर की बात, अधिकारियों को प्रतिदिन दो घंटे शिकायतों के निराकरण के लिए देने के निर्देश
जबलपुर। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने बुधवार शाम सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों और स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने शिकायतकर्ताओं से सीधे फोन पर बात कर समस्याओं की जानकारी ली और निराकरण में लापरवाही सामने आने पर संबंधित कर्मचारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान शिकायतकर्ता मुन्नालाल ने बताया कि आर्थिक सहायता के लिए सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद 60 दिन से समस्या का समाधान नहीं हुआ है। जांच में सामने आया कि संबंधित आदेश पत्रक पर हस्ताक्षर नहीं होने के कारण प्रकरण लंबित था। इस पर कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदार से जवाब तलब किया और कर्मचारी की लापरवाही पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिक जवाब देकर नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान करके किया जाए। आर्थिक सहायता के मामलों में संवेदनशीलता बरतते हुए तत्काल नियमानुसार राशि स्वीकृत करें अथवा स्पष्ट कारणों के साथ प्रकरण निरस्त करें।
उन्होंने राजस्व अधिकारियों को प्रतिदिन कम से कम दो घंटे शिकायतों के निराकरण के लिए देने तथा एसडीएम को अधीनस्थ अमले की जिम्मेदारी तय कर नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
स्वामित्व योजना की समीक्षा में उन्होंने रजिस्ट्री कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता और शुद्धता बनाए रखने तथा ड्रोन सर्वे में सामने आई कमियों की जांच करने को कहा। बैठक में अपर कलेक्टर नीता राठौर, रविशंकर राय, शैलेंद्र सिंह, अखिलेश सिंह सहित सभी एसडीएम मौजूद रहे।


