November 5, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

जबलपुर में स्मैक तस्करी के तीन आरोपी गिरफ्तार, 14.44 ग्राम स्मैक जब्त



क्राइम ब्रांच और तिलवारा-गोहलपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, ब्रेजा कार सहित चार मोबाइल और 17 हजार 600 रुपये नकद जब्तजबलपुर। शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच, तिलवारा और गोहलपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर कुल 14.44 ग्राम स्मैक जब्त की है। आरोपियों के कब्जे से एक ब्रेजा कार, चार मोबाइल फोन और 17 हजार 600 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 3 नवंबर को तिलवारा पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने जबलपुर-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम जोधपुर पड़ाव के पास वाहन चेकिंग के दौरान चरगवां की ओर से आ रही लाल रंग की ब्रेजा कार (एमपी 20 सीजी 0401) को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक ने कार वापस मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

कार में राहुल साहू (31), निवासी गोपाल मंदिर गोहलपुर और विकास पटेल (30), निवासी गंज खमरिया, कटंगी सवार थे। तलाशी में दोनों के पास से अलग-अलग पुड़ियों में कुल 11 ग्राम स्मैक मिली। पुलिस ने तीन मोबाइल, 17 हजार 330 रुपये नकद और तस्करी में प्रयुक्त ब्रेजा कार जब्त की। पूछताछ में दोनों ने गोटेगांव के एक अज्ञात व्यक्ति से स्मैक खरीदकर फुटकर बिक्री के लिए लाना बताया।

इसी दिन गोहलपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने रद्दी चौकी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सज्जाद खान (27), निवासी सैय्यद मोहल्ला, बजरंग वार्ड गोटेगांव को गिरफ्तार किया। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे सज्जाद की तलाशी लेने पर उसके पास से 3.44 ग्राम स्मैक, एक मोबाइल और 270 रुपये नकद मिले। पूछताछ में उसने गोटेगांव नया बाजार निवासी मोनू चौधरी के साथ स्मैक बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार करना बताया। पुलिस के अनुसार, मोनू चौधरी मौके से भाग निकला। उसकी तलाश की जा रही है।

कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. आयुष जाखड़, जितेंद्र सिंह, पल्लवी शुक्ला, आशीष जैन, सीएसपी शशांक सिंह गुर्जर और डीएसपी उमेश तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। क्राइम ब्रांच प्रभारी शैलेष मिश्रा के निर्देशन में दोनों टीमों ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

अन्य ख़बरें

खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को पराली नहीं जलाने की दी समझाइश

Newsdesk

सुरक्षित बचपन अभियान के तहत बच्चों को किया गया उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक

Newsdesk

स्वामित्व योजना में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने वाले 34 पटवारियों को मिला सम्मान

Newsdesk

Leave a Comment