बिना लाइसेंस दुकान में सजा रखा था पटाखों का सामान, ग्वारीघाट पुलिस ने नरेश पंजवानी को पकड़ा
जबलपुर। त्योहारों के दौरान पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में ग्वारीघाट थाना पुलिस ने पोलीपाथर क्षेत्र में एक जनरल स्टोर पर दबिश देकर बिना लाइसेंस पटाखों का विक्रय करते दुकान संचालक को पकड़ा है। पुलिस ने दुकान से बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रकार के पटाखे जब्त कर संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में रिहायशी इलाकों में विस्फोटक सामग्री का अवैध भंडारण और बिक्री करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान 3 नवंबर को ग्वारीघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पोलीपाथर में डॉक्टर बोस के सामने स्थित गुरुनानक जनरल स्टोर में अवैध रूप से पटाखे बेचे जा रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। दुकान में पटाखे खरीदने वालों की भीड़ लगी हुई थी और संचालक पटाखों की बिक्री कर रहा था। पूछताछ में दुकान संचालक ने अपना नाम नरेश पंजवानी (50), निवासी अवधपुरी कॉलोनी, ग्वारीघाट बताया। पुलिस ने जब पटाखों के भंडारण एवं बिक्री का लाइसेंस मांगा तो वह प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने दुकान से पटाखे जब्त किए। जब्त सामग्री में 7 पैकेट फूलझड़ी, 3 पैकेट रॉकेट, 40 अनार, 55 पैकेट कमांडो, 52 बिजली क्रेकर, 20 छुरछुरी, 65 सुपर डिलक्स बम, 55 सुपर किंग बम, 70 सुपर जायंट बम सहित विभिन्न प्रकार के पटाखे शामिल हैं। इसके अलावा अन्य पटाखा सामग्री भी बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी नरेश पंजवानी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 8/9 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक केके पाण्डे, आरक्षक सूरज एवं दीपक राजावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


