November 6, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

पटना पुलिस ने मुठभेड़ में तीन अपराधियों को किया ढेर, मनेर के थानाध्यक्ष गोली लगने से घायल

पटना,राजधानी पटना में शुक्रवार सुबह पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान तीन अपराधियों को मार गिराया। इस कार्रवाई के दौरान एक पुलिस अधिकारी को भी गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल, पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि आधा दर्जन से अधिक अपराधी शेरपुर गंगा नदी किनारे किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में जुटे हैं। सूचना मिलते ही एसटीएफ और मनेर थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की। इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी में मनेर थानाध्यक्ष के हाथ में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की।

दोनों ओर से करीब 40 से अधिक राउंड गोलियां चलीं। पटना एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के अनुसार, पुलिस की ओर से 18 राउंड और अपराधियों की ओर से लगभग 24 से 25 राउंड फायरिंग की गई। इस मुठभेड़ में तीन अपराधियों की मौत हो गई। घटनास्थल से दो पिस्टल, एक देसी कट्टा और गोलियां बरामद की गई हैं। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ अन्य अपराधी भागने में सफल रहे। एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि अपराधियों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। हाल ही में मनेर में अष्टमी के दिन हुई हत्या की घटना में भी इनकी संलिप्तता सामने आई थी। तीनों उस हत्याकांड में वांछित थे। इसके अलावा दानापुर और शाहपुर समेत अन्य थानों में भी इनके खिलाफ मामले दर्ज थे। अधिकारी ने कहा कि घटना के बाद इलाके में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मुठभेड़ के बाद पुलिस के वरीय अधिकारियों ने घटनास्थल की जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

अन्य ख़बरें

दिल्ली के गफ्फार मार्केट की एक दुकान और ग्रेटर नोएडा के गैलेक्सी ब्लू सफायर मॉल में लगी आग

Newsdesk

झारखंड के खूंटी में बेकाबू ट्रक ने आठ को रौंदा, सात की मौत

Newsdesk

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी: भारत ने जापान को 4-1 से रौंदकर रिकॉर्ड छठी बार खिताब जीता

Newsdesk

Leave a Comment