बच्चों की कलाकृतियां देखकर की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना, आत्मीय संवाद कर दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
जबलपुर। दीपावली के उल्लास और खुशियों को साझा करने के उद्देश्य से कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित शासकीय बाल गृह एवं शासकीय संप्रेषण गृह का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के बीच पहुंचकर त्योहार की खुशियां बांटीं और उन्हें उपहार एवं मिठाई वितरित की।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों द्वारा दीपावली के अवसर पर तैयार की गई आकर्षक कलाकृतियों का अवलोकन किया। बच्चों की रचनात्मकता और हुनर देखकर उन्होंने उनकी प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने बच्चों से आत्मीयता के साथ बातचीत कर उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य को लेकर चर्चा की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कलेक्टर ने बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन में सकारात्मक सोच, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उपहार और मिठाई पाकर बच्चों के चेहरों पर भी खुशी दिखाई दी।
इस अवसर पर एसडीएम रांझी गगन बिसेन, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग सौरभ सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


