नियमों का पालन नहीं करने पर पटाखा दुकानों के लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी
बालाघाट, 07 नवंबर 2026। दीपावली पर्व के मद्देनजर पटाखा बाजार में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए वारासिवनी एसडीएम श्री श्रीश प्यासी ने बीती रात्रि पटाखा बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ थाना प्रभारी (टीआई) श्री अनूप उइके एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री सूर्य प्रकाश उके भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पटाखा विक्रेताओं की दुकानों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सभी विक्रेताओं को निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में 07 पटाखा विक्रेताओं द्वारा नियमों के अनुरूप दुकान का संचालन नहीं करने तथा आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाना पाया गया। इस पर संबंधित विक्रेताओं को नोटिस जारी कर तत्काल सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम श्री प्यासी ने पटाखा विक्रेताओं को स्पष्ट चेतावनी दी कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी दुकानदार निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा संबंधित पटाखा दुकानों के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पटाखा बाजार में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।


