November 7, 2026
सी टाइम्स
प्रादेशिक

खुरमुंडी के जंगल में मिला नर बाघ का शव, करंट से मौत की आशंका



संदेह के आधार पर दो व्यक्तियों से पूछताछ, डॉग स्क्वाड ने की घटनास्थल की जांच
बालाघाट, 07 नवंबर 2026। उत्तर सामान्य वनमंडल बालाघाट के पूर्व बैहर परिक्षेत्र अंतर्गत खुरमुंडी बीट के कक्ष क्रमांक 1582 में शनिवार 7 नवंबर को एक नर बाघ का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में बाघ की मौत विद्युत करंट लगने से होने की आशंका जताई जा रही है। मामले में संदेह के आधार पर दो व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।

     उत्तर सामान्य वन मंडल के वन मंडलाधिकारी श्री रेशम सिंह धुर्वे ने बताया कि  खुरमुंडी बीट में बीट गार्ड द्वारा सुबह नियमित गश्ती की जा रही थी। इसी दौरान गुरार नाला के पास बाघ का मृत शरीर दिखाई दिया। बीट गार्ड ने तत्काल इसकी सूचना परिक्षेत्र सहायक एवं परिक्षेत्र अधिकारी को दी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों तथा डॉग स्क्वाड को मौके पर बुलाया गया।

     डॉग स्क्वाड ने घटनास्थल की जांच की। जांच के दौरान मृत बाघ के शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए। प्रारंभिक तौर पर बाघ की मृत्यु विद्युत करंट लगने से होना प्रतीत हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग द्वारा संदेह के आधार पर दो व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।

   वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में पशु चिकित्सकों की टीम ने मृत नर बाघ का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद वन संरक्षक बालाघाट वनवृत्त, वनमंडलाधिकारी उत्तर सामान्य वनमंडल बालाघाट, उपवनमंडलाधिकारी बैहर, एनटीसीए के प्रतिनिधि एवं तहसीलदार की मौजूदगी में नियमानुसार अग्नि संस्कार कर बाघ के संपूर्ण शरीर को नष्ट किया गया।

    वन विभाग ने इस मामले में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 2796/25, दिनांक 7 नवंबर 2026 दर्ज कर लिया है। बाघ की मृत्यु के कारणों का पता लगाने तथा मामले में संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच के लिए अग्रिम कार्रवाई जारी है।

अन्य ख़बरें

जंगल, जमीन और फसल में बसती है आदिवासी दीपावली की खुशियां

Newsdesk

दीपावली पर आस्था और परंपरा से जगमगाते हैं शहडोल संभाग सहित अंचल के ऐतिहासिक लक्ष्मी मंदिर

Newsdesk

ग्राम पंचायत खैरी खैरलांजी में न्यू हिंदी क्रिकेट क्लब ग्रामीण स्तरीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता समापन शामिल हुए पूर्व केबिनेट मंत्री प्रदीप जायसवाल

Newsdesk

Leave a Comment