27.5 C
Jabalpur
September 21, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीयहेडलाइंस

भाजपा ने सत्येन्द्र जैन के इस्तीफे की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

नई दिल्ली, 20 जुलाई( आरएनएस) । भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रतिपक्ष  रामवीर सिंह बिधूड़ी, सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष  मनोज तिवारी और सांसद रमेश बिधूड़ी की उपस्थिति में आज भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश युवा मोर्चा ने चंदगी राम अखाड़ा के पास सत्येन्द्र जैन को बर्खास्त करने की मांग को लेकर केजरीवाल सरकार के खिलाफ प्रचंड विरोध प्रदर्शन किया गया। मोर्चा अध्यक्ष वासु रुखड़ की अगुवाई में हुए इस विरोध प्रदर्शन में युवा मोर्चा के हज़ारों कार्यकर्ताओं ने सत्येन्द्र जैन की बर्खास्तगी को लेकर नारेबाजी की। जिसके बाद पुलिस द्वारा विरोध प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछार की गई। प्रदर्शन में प्रदेश महामंत्री  हर्ष मल्होत्रा, प्रदेश मोर्चा प्रभारी  विष्णु मित्तल, सह-प्रभारी गौरव खारी, मोर्चा महामंत्री संदीप सहरावत, सागर त्यागी एवं सुमीत यादव सहित प्रदेश, मोर्चा, जिला एवं मंडल के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।प्रदर्शन को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि सत्येन्द्र जैन ने अनाधिकृत कॉलोनियों की हज़ारों करोड़ रुपये की उन जमीनों को खरीदा, जहां खेती होती थी। उन जमीनों को खरीदकर सड़क और नाली की व्यवस्था करा दी जिससे जमीनों की कीमत अगर 500 रुपये गज थी तो वह बढ़कर 50,000 रुपये गज हो गई। हज़ारों करोड़ रुपये की जमीन सत्येन्द्र जैन द्वारा कम दामों में खरीदकर मोटी रकम में बेची गई। जिस कोर्ट  ने उन्हें जेल भेजा है उसने भी कहा है कि यह देश का सबसे बड़ा घोटाला है। श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि हज़ारों करोड़ रुपये का घोटाला केजरीवाल के मंत्री ने किया, लेकिन अभी तक उन्हें बर्खास्त नहीं किया गया। दिल्ली के परिवहन विभाग में भी 5000 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ। जिसकी जांच सीबीआई कर रही है और आने वाले समय में जानकारी मिलेगी कि परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत गिरफ्तार होंगे और उनकी भी जगह वहीं होगी जहां सत्येन्द्र जैन की है। रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल ने विभिन्न क्षेत्रों में शराब के ठेके मास्टर प्लान का उल्लंघन और नियमों को ताख पर रखकर खोले जिसके लिए शराब के ठेकेदारों से लगभग 5000 करोड़ रुपये वसूल किया गया। इतना ही नहीं सरकारी शराब के ठेकों में काम करने वालों को नौकरी से निकाल दिया है। इसकी भी जांच शुरु हो गई है और इसके लिए मनीष सिसोदिया भी जेल के अंदर होंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली के अन्य विभागों में भी  कई घोटाले हैं जिनकी जानकारी हमने दिल्ली के उपराज्यपाल को दी है और आने वाले समय में इन सब की जांच होगी और दोषियों को जेल के अंदर जाना ही होगा।  मनोज तिवारी ने कहा कि देश के अंदर आम आदमी पार्टी ऐसी एकलौती पार्टी है जिसकी दो राज्यों में सरकारें हैं और उन दोनों राज्यों के स्वास्थ्य मंत्री जेल के अंदर हैं। केजरीवाल बार-बार कहते थे कि अगर मेरे पार्टी के किसी भी नेता का घूस लेते हुए भी कोई वीडियो आता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करुंगा, लेकिन आज उनके चहेते सत्येन्द्र जैन जेल के अंदर हैं और उनके ऊपर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगे हुए हैं उसके बावजूद उनको पार्टी में बनाए हुए हैं। उन्होंने युवा मोर्चा को इस प्रचंड प्रदर्शन के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि जिस तरह से आज केजरीवाल अपने मंत्री को बचाने का काम कर रहे हैं वैसे लगता है कि सत्येन्द्र जैन के भ्रष्टाचार में केजरीवाल की भी सह है। रमेश बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल जिस तरह से सत्येन्द्र जैन को लेकर अपनी घबराहट दिखाते हैं और खुद ही सफाई देने के लिए आ जाते हैं। उससे साफ है कि जैन के भ्रष्टाचार में केजरीवाल की संलिप्तता भी है। लेकिन केजरीवाल इसलिए भी घबरा रहे हैं क्योंकि उन्हें पता है कि अभी उनके अन्य मंत्रियों के भी कई भ्रष्टाचार की परते खुलने वाली हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल देश के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि बिना विभाग के अपने चहेते मंत्री को मंत्रालय में रखना और उन्हें अब तक बर्खास्त नहीं करना दिल्ली की जनता का अपमान है जिसे भाजपा कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। इसलिए भाजपा की मांग है कि अगर केजरीवाल में थोड़ी भी नैतिकता बची है तो वह सत्येन्द्र जैन को तुरंत बर्खास्त करें।

अन्य ख़बरें

अयोध्या: राम मंदिर के नए सीईओ जितेंद्र मिश्रा आज से शुरू करेंगे कामकाज

Newsdesk

एसआईआर नोटिस पर ईसीआई की सफाई, पूर्व चुनाव आयुक्त संधू का नाम अंतिम मतदाता सूची में होगा शामिल

Newsdesk

विश्व शांति दिवस : प्रेम, करुणा और सद्भावना को अपनाने का लें संकल्प, मुख्यमंत्रियों ने की अपील

Newsdesk

Leave a Reply

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading