नई दिल्ली, 1 अगस्त( आरएनएस) । दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने आज कपड़ा मार्किट स्थित शिव मन्दिर में सावन के तीसरे सोमवार को रूद्राभिषेक कर दिल्लीवासियों की सुख-समृद्धि की मंगल कामना करते हुये सभी दिल्लीवासियों से अपने संस्थानों पर तिरंगा लगाने की अपील की। गुप्ता ने शिव मन्दिर में जन-कल्याण के लिये भगवान शिव की अराधना करते हुये कहा कि भोले भंडारी की प्रार्थना मात्र से भक्तों के कष्ट दूर हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि हमने भगवान शिव से यही प्रार्थना की है कि दिल्लीवासी हमेशा स्वस्थ एवं खुशहाल रहें।चांदनी चौक स्थित इस कपड़ा मार्किट में 700 से ज्यादा दुकाने हैं। रूद्राभिषेक के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने क्षेत्र के दुकानदारों से आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर हर घर और संस्थान पर तिरंगा लगाने की अपील की। उन्होंने स्वयं भी उनकी दुकानों पर व्यापारियों के साथ मिलकर तिरंगा लगाया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तिरंगा अभियान के दौरान राजधानी के लाखों घरों और दिल्ली के सभी बाजारों में तिरंगा लगाने का काम किया जायेगा।


