20.7 C
Jabalpur
October 23, 2026
सी टाइम्स
राष्ट्रीय

हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग को लेकर झारखंड विधानसभा में हंगामा कर रहे 4 भाजपा विधायक सस्पेंड

रांची ,02 अगस्त (आरएनएस)।  झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग पर झारखंड विधानसभा में हंगामा कर रहे भाजपा के चार विधायकों को स्पीकर रविंद्र नाथ महतो ने आगामी 4 अगस्त तक के लिए सदन से निलंबित कर दिया है। निलंबित किये गये विधायकों में भानु प्रताप शाही, ढुल्लू महतो, रणधीर सिंह और जेपी पटेल शामिल हैं। मंगलवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा के इन विधायकों ने वेल में पहुंचकर हंगामा करना शुरू कर दिया। वे सीएम हेमंत सोरेन इस्तीफा दो, भ्रष्टाचार करना बंद करो जैसे नारे लगा रहे थे। स्पीकर ने हंगामा कर रहे विधायकों से सदन की गरिमा को बनाये रखने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि आपका यह आचरण न तो सदन की गरिमा के लिए उचित है और न ही आपके लिए। स्पीकर ने उनसे अपनी सीट पर लौटने और अपनी बात नियमपूर्वक रखने की अपील की। इसके बाद भी हंगामा जारी रहा तो स्पीकर ने कहा कि एक ओर आप सीएम का इस्तीफा मांग रहे हैं और दूसरी ओर मेरी भी नहीं सुन रहे हैं। अंतत: उन्होंने चारों विधायकों को आगामी 4 अगस्त तक सदन से निलंबित करने की घोषणा की। इसके साथ ही स्पीकर ने दोपहर 12.30 बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।
सदन की कार्यवाही शुरू होने के पहले भी भाजपा के विधायकों ने सीएम हेमंत सोरेन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। भाजपा के सभी विधायक अपनी मांगों को लेकर होर्डिंग लेकर विधानसभा के मुख्य द्वार पर बैठकर नारेबाजी करते रहे। भाजपा विधायक दल के सचेतक विरंची नारायण ने कहा कि सीएम हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि जेल में हैं और उनके प्रेस एडवाइजर का ईडी इंतजार कर रही है। राज्य में कोयला, पत्थर और बालू की लूट हो रही है। ऐसे में हेमंत सोरेन को अपने पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।

अन्य ख़बरें

दाऊद के भाई से जुड़े जब्त फ्लैट में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, ईडी ने दर्ज की एफआईआर

Newsdesk

‘ब्लैकमेल की साजिश’: सिद्दारमैया ने स्टिंग ऑपरेशन मामले में कांग्रेस नेता का लिया नाम

Newsdesk

भाजपा के ‘सत्ता परिवर्तन’ आरोपों पर थरूर का पलटवार, ‘आपातकाल के अंत’ का दिया उदाहरण

Newsdesk

Leave a Comment

Discover more from सी टाइम्स

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading