नई दिल्ली, 6 अगस्त ( आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि सिर्फ देश के अंदर ही नहीं बल्कि विश्व के अंदर प्रधानमंत्री श नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता बढ़ रही है। आज प्रदेश कार्यालय में आदेश गुप्ता एवं नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी की उपस्थिति में मयूर विहार से व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं समाजिक कार्यकर्ता चौधरी जितेन्द्र सिंह अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा परिवार में शामिल हुए। गुप्ता ने पटका पहनाकर श्री चौधरी जितेन्द्र सिंह को भाजपा परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि दिल्ली में लगातार भारतीय जनता पार्टी का परिवार मजबूत होता जा रहा है और आज श्री चौधरी जितेन्द्र सिंह के पार्टी में शामिल होने से निश्चित रुप से मयूर विहार क्षेत्र में भाजपा को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि राजनीति में सबसे बड़ी चीज होती है विश्वास और आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विश्वास का ही नतीजा है कि आज लगातार लोग भाजपा परिवार से जुड़ते जा रहे हैं। आदेश गुप्ता ने कहा कि आज हमें यह शपथ लेनी होगी कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक ले जाने का काम करेंगे और साथ ही उनके द्वारा हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाकर सभी वीर स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान करेंगे जिन्होंने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने से पीछे नहीं हटे। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह, जिला अध्यक्ष डॉ. विनोद बछेती सहित प्रदेश, जिला एवं मंडल के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।


