अहमदाबाद 14 Sep. (Rns): गुजरात के अहमदाबाद में निर्माणाधीन इमरात की लिफ्ट टूट कर गिरने से 8 मजदूरों की दर्दनाक मौत की खबर सामने आई है जबकि एक मजदूर जख्मी हुआ है। पुलिस ने जानकारी दी है कि एस्पायर-2 नामक बिल्डिंग में यह दुर्घटना हुई है। बताया जा रहा है कि यह हादसा उस वक्त हुआ, जब बिल्डिंग के निर्माण का कार्य चल रहा था।
इसी दौरान अचानक सातवीं मंजिल की लिफ्ट टूट गई और आठ मजदूरों की मौत हो गई। अहमदाबाद के गुलबाई टेकरा इलाके में ये हादसा हुआ। घटनास्थल पर पुलिस प्रशासन और अहमदाबाद फायर बिग्रेड कर्मी पहुंच गए हैं। घायल मजदूर को अहमदाबाद सिविल अस्पताल में दाखिल किया गया है। निर्माणाधीन इमारत की यह लिफ्ट टूटकर कैसे गिरी? अभी इसके बारे में विशेष जानकारी सामने नहीं आई है। उधर, इस हादसे ने एक बार फिर मजदूरों की सुरक्षा को लेकर होने वाले इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


