शाहरुख खान की चार साल बाद पठान से बड़े पर्दे पर वापसी ने सभी रिकॉर्ड को तोड़ दिया। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की और अब किंग खान अपनी अगली फिल्म की तैयारी में जुट गए हैं। शाहरुख अब जवान बनकर पर्दे पर धमाका करने के लिए तैयार हैं, लेकिन इससे पहले ही फिल्म का एक एक्शन सीन लीक हो गया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर दर्शक भी उत्सुक हो गए हैं। शाहरुख का जवान से जो सीन वायरल हो गया है, उसमें वह खलनायकों की पिटाई करते दिख रहे हैं। वह नीले रंग की पैंट और नीली शर्ट में सिल्वर बेल्ट जैसी दिखने वाली चीजों से लोगों की पिटाई कर रहे हैं। स्लो मोशन में लीक हुए इस वीडियो ने प्रशंसकों को उत्साहित कर दिया है। एक ने लिखा, पठान तो टीजर था असली एक्शन फिल्म तो जवान होगी, तो दूसरे ने लिखा, इंतजार नहीं होता यह पक्का सभी रिकॉर्ड तोड़ेगी। वायरल होने के कुछ समय बाद शाहरुख के इस वीडियो को रेड चिलीज की ओर से कॉपीराइट का उल्लंघन करने पर लीगल नोटिस भेजकर इंटरनेट से हटा दिया गया है। कुछ दिनों पहले भी अभिनेता की सेट से तस्वीर सामने आई थी, जिसमें वह लंबे बालों में नजर आ रहे हैं और उनके चेहरे पर पट्टी बंधी हुई थी। यह मुंबई की शूटिंग के दौरान की तस्वीर थी, जिसमें अभिनेता का लुक देखकर फैंस उनकी जमकर तारीफ कर रहे थे। जवान का निर्देशन एटली ने किया है, जिसमें नयनतारा और विजय सेतुपति भी मुख्य भूमिका में हैं। यह एक एक्शन-थ्रिलर फिल्म है, जिसका टीजर पिछले साल जारी किया गया था। हाल ही में नयनतारा ने फिल्म की शूटिंग पूरी कर चुकी है। अब वापसी के बाद शाहरुख की यह दूसरी फिल्म होगी, इससे पहले पठान आई थी और साल के अंत में डंकी आने वाली है। डंकी का निर्देशन राजकुमार हिरानी ने किया है और इसमें तापसी पन्नू नजर आएंगी। 25 जनवरी को रिलीज होने के बाद से ही सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी पठान ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया। बाहुबली 2 के 6 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए पठान अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। बाहुबली 2 ने हिंदी में 510.99 करोड़ रुपये थे और पठान हिंदी में 519.4 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है। इसके कुल कलेक्शन की बात करें तो यह 537.93 करोड़ कमा चुकी है। जवान की कहानी और शाहरुख के लुक पर चोरी का आरोप लग चुका है। फिल्म निर्माता मनिकम नारायणन ने शिकायत दी थी कि उनकी फिल्म पेरारासु से कहानी कॉपी की गई है। इसके अलावा हॉलीवुड फिल्म डार्कमैन से अभिनेता का लुक कॉपी बताया गया था।


