
जबलपुर :- में शनिवार की रात भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, कुछ ही देर में दोनों पार्टी के नेताओं के बीच विवाद शुरू हो गया, जिसके नेताओं के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। घटना उस समय हुई जब एक न्यूज चैनल का डिबेट चल रहा था। उसी दौरान भाजपा-कांग्रेस के नेता एक दूसरे से बहस करने लगे। यह पूरा घटनाक्रम उस समय हुआ जब टीवी डिबेट के समय विधायक अभिलाष पांडे और पूर्व विधायक विनय सक्सेना सहित भाजपा-कांग्रेस के कई दिग्गज नेता बैठे हुए थे। इस घटना में कई भाजपा नेताओं के घायल होने की सूचना भी है, जिन्हें कि इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची ओमती थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूर्व विधायक पर लगे हमला करने का आरोप
टीवी डिबेट के दौरान घायल हुए भाजपा नेता रामजी सिंह सहित छह से सात कार्यकर्ता घायल हुए है। घायल कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कांग्रेस के पूर्व विधायक विनय सक्सेना के कहने पर उनके कार्यकर्ताओं ने हमला किया है। घायल रामजी ने बताया कि शनिवार की रात को शहर के भंवरताल पार्क में टीवी डिबेट चल रहा था। तभी अचानक ही कांग्रेस के खेमे से हमला हो गया, जब तक समझ पाते तब तक पूर्व विधायक ने बोला कि मारो इनको किसी भी कीमत में ये जाने न पाए। भाजपा नेता का आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाहर तक खदेड़ा और राड़ कुर्सियों से मारा। घटना के बाद घायलों को तुरंत ही निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज करवाया गया।
मुद्दो पर जब बात नहीं हुई तो हमला कर दिया
भाजपा विधायक अभिलाष पांडे का कहना है कि कांग्रेस चुनाव से डरी हुई है, वो हार रही है इस वजह से बौखलाहट में मारपीट पर उतर आई है। विधायक ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि जिस कार्यकर्ता की सिर फोड़ा गया है ये बहुत ही निंदनीय घटना है। ऐसा संस्कारधानी में कभी नहीं हुआ है। विधायक ने कहा कि इस घटना को लेकर ओमती थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस को मौके के वीडियो भी दिए गए है। जिसमें कि कार्यकर्ताओं के कपड़े फाड़े गए है। उनको कुर्सी मारी गई है। विधायक ने कहा कि ऐसे लोग नेता नहीं बल्कि अपराधी है, और इनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होना चाहिए ।
पूर्व विधायक का आरोप-नेता नहीं अपराधी थे भाजपा में
भारतीय जनता पार्टी के बाद कांग्रेस नेता भी ओमती थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज करवाई।
कांग्रेस के पूर्व विधायक विनय सक्सेना ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि डिबेट में नेता कम शहर के अपराधी ज्यादा थे। उन्होंने कहा कि वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि उसमें नेता नहीं थे। पूर्व विधायक ने कहा कि डिबेट शुरू होते ही भाजपा के नेता आक्रामक नजर आ रहे थे। दो बार तो मैने हाथ जोड़कर उनको रोका और विधायक को उनके कार्यकर्ताओं की हरकत बताई। पूर्व विधायक ने कहा कि जब कांग्रेस का जवाब नहीं दे पाए, तर्क न करते हुए कुतर्क किए और नारेबाजी करने लगे। तभी रामी ठाकुर नाम का एक व्यक्ति जो कि पुलिस से निलंबित है, उसने कांग्रेस कार्यकर्ता सौरभ के ऊपर हमला करने की कोशिश की, जब कार्यकर्ताओं ने रोका तो वहा लगा खंभा उठाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओ को मारने दौड़ा तभी पानी में उसका पैर फिसला और वो गिर गया। पूर्व विधायक ने कहा कि किसी भी कांग्रेस के नेता ने हमला नहीं किया है, उल्टा हमारे कार्यकर्ताओं के ऊपर कुर्सी फेंकी गई है, जिसका शिकार मैं भी हुआ हूं।
पुलिस ने जांच की शुरू
घटना के बाद दोनों ही राजनीतिक पार्टियों ने एक दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत ओमती थाने में की है। मामले पर पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। मौके के कुछ वीडियो मिले है, जिस पर कि एक दूसरे पर कुर्सियों से हमला किया जा रहा है। कुछ लोगों के बयान भी दर्ज किए गए है। जांच के बाद दोषियों पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
बाइट विनय सक्सेना पूर्व विधायक कांग्रेस
बाइट अभिलाष पांडे विधायक बीजेपी
बाइट प्रतीक्षा मार्को थाना प्रभारी विजयनगर
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट


