October 31, 2026
सी टाइम्स
अंतरराष्ट्रीयराष्ट्रीय

ईरान में पाकिस्तानी तीर्थयात्रियों से भरी बस का एक्सीडेंट, 28 की मौत

Bus accident claims lives of 28 Pakistani pilgrims in Iran

तेहरान, 21 अगस्त। ईरान के यज्द शहर में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। ईरान से इराक जा रहे तीर्थयात्रियों की बस सड़क हादसे का शिकार हो गई। इसमें 28 पाकिस्तानी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 23 अन्य घायल हो गए। तेहरान में पाकिस्तान के राजदूत ने बुधवार को इस घटना की पुष्टि की। ईरान में पाकिस्तान के राजदूत मुदस्सिर टीपू ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया, “धार्मिक यात्रा के दौरान 28 पाकिस्तानी जायरीन की मंगलवार देर रात यज्द शहर में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। अन्य 23 लोग घायल हैं। मेरे पास दुख व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं, लेकिन मैं आश्वस्त कर सकता हूं कि जो लोग इस हादसे में मारे गए हैं, मैं उन लोगों को वापस लाने के लिए पूरी कोशिश करूंगा” उन्होंने आगे कहा कि इस हादसे की जानकारी मिलते ही अधिकारी यज्द सिटी के लिए रवाना हो चुके हैं। ये हादसा ईरानी राजधानी तेहरान में पाकिस्तानी दूतावास से लगभग 700 किमी दूर हुआ है। राजदूत ने कहा, “जाहेदान शहर में एक अधिकारी आपातकालीन व्यवस्था की देखरेख कर रहे हैं। मैं जरूरी व्यवस्थाओं के लिए ईरान सरकार और यज्द के मेयर के कार्यालय से संपर्क में हूं।” उन्होंने इस दुख के समय में सहयोग देने के लिए ईरानी सरकार का आभार व्यक्त किया। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ये बस हादसा मंगलवार देर रात ब्रेक फेल होने के कारण हुआ। हालांकि, इस मामले में अधिकारी जांच कर रहे हैं। इस बीच, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हादसे पर दुख जताया और मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “ईरान के यज्द के पास पाकिस्तानी जायरीन की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मैं उनकी मौतों की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मैंने तेहरान में स्थित पाकिस्तानी दूतावास को प्रभावित परिवारों की हर संभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है।” वहीं, पाकिस्तान में ईरानी राजदूत रेजा अमीरी मोघदम ने हादसे पर अपनी संवेदना व्यक्त की और आश्वासन दिया कि वह ईरान में संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “ईरान के यज्द में पाकिस्तानी तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस दुर्घटना की दुखद खबर सुनकर मैं बेहद दुखी हूं, जिसमें 28 पाकिस्तानी भाई-बहनों की मौत हो गई। अल्लाह मृतकों की आत्मा को शांति प्रदान करें। मैं पाकिस्तान सरकार और वहां के लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं घायलों के सुरक्षित और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

अन्य ख़बरें

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से शादी की

Newsdesk

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने निधि राजदान से की शादी, सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीर

Newsdesk

भारत ‘आईसीएआर-सीजीआईएआर साइंस एंड पार्टनरशिप वीक’ की करेगा मेजबानी, दिल्ली में जुटेंगे दुनियाभर के वैज्ञानिक

Newsdesk

Leave a Comment