अक्ताऊ (कजाकिस्तान), 25 दिसंबर। कजाकिस्तान के अक्ताऊ शहर में रूस जा रहा अजरबैजान एयरलाइंस का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान में 105 यात्री और 5 चालक दल के सदस्य सवार थे। कजाकिस्तान की इमरजेंसी मिनिस्ट्री के अनुसार, हादसे में अब तक 25 लोगों के जीवित बचने की सूचना है, जिनमें से 22 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना स्थानीय समयानुसार सुबह 6:28 बजे हुई, जब घने कोहरे के कारण विमान को अक्ताऊ की ओर मोड़ दिया गया था। राहत और बचाव कार्य के लिए 52 टीमें और 11 उपकरण घटनास्थल पर भेजे गए। टीमों ने मौके पर पहुंचने पर विमान को आग की लपटों में घिरा पाया। फायर ब्रिगेड कर्मी आग बुझाने में जुटे हैं।
फ्लाइट रडार 24 के अनुसार, विमान उड़ान के दौरान “मजबूत जीपीएस जैमिंग” के संपर्क में था, जिससे विमान का डेटा प्रभावित हो गया। इस हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विमान से आग की लपटें और घना काला धुआं उठता दिख रहा है।
कजाकिस्तान इमरजेंसी मिनिस्ट्री ने बचाव कार्यों की निगरानी के लिए एक परिचालन मुख्यालय स्थापित किया है और लोगों की जानकारी के लिए हॉटलाइन शुरू की है।


